तिलहर। नगर के विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार सुबह केबल बॉक्स तेज आवाज के साथ फट गया। इससे नगर की बिजली सप्लाई ठप हो गई। बमुश्किल 7 घंटे बाद बिजली आपूर्ति सुचारु हो पाई। बिजली न मिलने के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
सुबह लगभग 9 बजे विद्युत उपकेंद्र पर ट्रांसफार्मर से लाइन को जोड़ने वाला केबल बॉक्स तेज आवाज के साथ फट गया। समूचे नगर की बिजली सप्लाई ठप होने से घरों में सुबह के कामकाज प्रभावित हो गए। घरों में पानी की किल्लत हो गई। आनन-फानन में विद्युत जेई नरेंद्र कुमार के साथ विद्युत कर्मचारी केबल बॉक्स को ठीक करने में जुट गए।
दोपहर तक बिजली आपूर्ति शुरू होने की संभावना थी, लेकिन शाम चार बजे केबल बॉक्स ठीक होने पर आपूर्ति शुरू हो सकी। बिजली सप्लाई शुरू होते ही नगर में कई जगह लोकल फाल्ट हो गए जिस कारण दोबारा कई मोहल्लों की बिजली सप्लाई बंद हो गई। देर शाम आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। संवाद