शाहजहांपुर। भीषण गर्मी और उमस के बीच रविवार को जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अलग-अलग स्थानों पर तकनीकी खराबी और तार टूटने के कारण कई घंटों तक बिजली गुल रही। बिजली कटौती से घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल रहे।
बादशाहनगर उपकेंद्र से जुड़े गांव सेहरामऊ दक्षिणी में रात करीब 12 बजे अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब एक घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं, निगोही रोड उपकेंद्र पर 33 केवीए लाइन में तकनीकी फॉल्ट आने से करीब 30 मिनट तक बिजली आपूर्ति बंद रही। विद्युत निगम की टीम ने फॉल्ट दूर कर आपूर्ति सामान्य कराई।
कलान क्षेत्र के किलापुर मलेवा गांव में बिजली का तार टूटने से सुबह सात से आठ बजे तक आपूर्ति बाधित रही। बिजली कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तार की मरम्मत की और करीब एक घंटे बाद बिजली बहाल कर दी। अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना आने पर लाइन दुरुस्त करने के लिए टीमों को भेजा गया था। सभी स्थानों पर फॉल्ट दुरुस्त करा दिए गए।