बकाया बिल जमा नहीं करने पर काटे गए कनेक्शन प्राइवेट मिस्त्री के जरिए जुड़वाकर शहर के तीन उपभोक्ता अवैध तरीके से बिजली जलाते पकड़े गए। तीनों उपभोक्ताओं पर विभागीय अधिकारियों ने बिजली की चोरी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने को शहर कोतवाली में तहरीर दी है।
पॉवर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक ने बकाया बिजली राजस्व की वसूली के लिए देनदार उपभोक्ताओं से सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। इसी निर्देश के अनुपालन में बिजली कनेक्शनों के साथ उपभोक्ताओं के बिलों की चेकिंग का काम भी शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत करीब दो माह पहले घंटाघर के पास मोहल्ला चमकनी करबला में घर-घर चेकिंग की गई थी। इस दौरान बकाया अदा नहीं करने पर बिजली कर्मचारियों की टीम ने क्षेत्र के तमाम घरों के कनेक्शन काटकर उनका केबिल जब्त कर लिया था।
शनिवार को विभागीय टीम ने दोबारा चमकनी करबला मोहल्ले के घरों में दस्तक दी तो कर्मचारी हैरत में पड़ गए। टीम में शामिल रहे बहादुरगंज पॉवर सब स्टेशन के प्रभारी अवर अभियंता शैलेंद्र पांडेय ने चेकिंग में पाया कि कई उपभोक्ताओं ने बकाया बिल जमा किए बगैर अपने कनेक्शन नियम विरुद्ध तरीके से नजदीकी खंभों से जुड़वाकर बिजली का उपभोग करना शुरू कर दिया। जेई पांडेय के अनुसार चमकनी अंटा के रहने वाले रामऔतार, सुधा देवी और एक अन्य उपभोक्ता के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की विविध धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। चेकिंग टीम में राकेश चंद्र, सत्येंद्र कुमार, अजमत आदि शामिल रहे।