थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला ककरा कलां में नौ दिन पहले विद्युत प्रवर्तन दल बरेली की टीम को बंधक बना लिया था। मामले में बरेली के अवर अभियंता पीसी सागर की तहरीर पर चार लोगों को नामजद किया था, जबकि 40-50 लोगों को अज्ञात में दर्शाया गया था।
अवर अभियंता पीसी सागर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह 30 मई को सुबह साढ़े नौ बजे मोहल्ला ककरा कलां में पुलिस टीम के साथ चेकिंग करने गए थे। मोहल्ले में दिलशाद के पोल्ट्री फार्म में एलटी पोल से दो कोर केबिल जोड़कर बिना मीटर के बिजली का उपभोग अवैध रूप से हो रहा था। इसी दौरान पड़ोस में इंटर लाकिंग टाइल्स की फैक्ट्री के मालिक सिकंदर आए और प्रवर्तन दल की टीम के साथ गाली-गलौज करने लगे। सिकंदर ने आस-पड़ोस के 40-50 लोगों को और बुला लिया। इसके साथ ही धमकी देने लगे कि टीम की हिम्मत कैसे हुई चेकिंग करने की। मौके पर इकट्ठी हुई भीड़ ने टीम के साथ गई गाड़ी में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। इसके साथ सभी लोग प्रवर्तन दल की टीम को पकड़कर एक पेड़ के नीचे ले गए और काफी देर तक बंधक बनाए रखा। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। भीड़ में मौजूद लोगों ने धमकी देते हुए कहा कि पूरी टीम को लड़की और महिलाओं को छेड़ने के आरोप में फंसवा दो। इसके साथ सिकंदर ने भीड़ को उकसाते हुए कहा कि प्रवर्तन दल की टीम 20-20 हजार रुपये की मांग कर रही थी। भीड़ में इकट्ठे लोगों ने राजनीतिक धमकियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में दिलशाद, सिंकदर, नौशाद और मुन्ना को नामजद किया गया है, जबकि 40-50 अज्ञात लोगों को रिपोर्ट में शामिल किया गया है। आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135, 147, 342, 353, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।