कलान। बिजली की ओवरलोडिंग से शुक्रवार शाम परौर रोड पर रखे 250 केवी के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इस खराबी के कारण आसपास के करीब 200 घरों की बिजली गुल हो गई। पूरी रात और दिन भर बिजली नहीं मिलने से लोग गर्मी में बिजली के बगैर बिलबिला उठे। इसी मोहल्ले होम क्वारंटीन किए गए कोरोना संक्रमित मरीजों का हाल बेहाल है।
शुक्रवार शाम छह बजे तक परौर रोड के ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई सामान्य रूप से जारी रही, लेकिन बाद में उसने बिजली लोड लेना बंद कर दिया। क्षेत्रवासियों की सूचना पर बिजली उपकेंद्र के कर्मचारियों ने केबिल कनेक्शन बदलकर ट्रांसफार्मर को दोबारा करंट देकर चालू करने का प्रयास किया उसके टैंक में भरे तेल ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर मेें ट्रांसफार्मर लपटों से घिरकर पूरी तरह जल गया। ट्रांसफार्मर जलने से उससे संबंधित घरों की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने पर भी ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से परौर रोड मोहल्ले के लोग खासे खफा हैं। इसी मोहल्ले में 25 कोरोना पॉजिटिव घरों पर क्वारंटीन किए गए हैं। सभी भीषण गर्मी से घरों के अंदर काफी परेशान प्रभारी अवर अभियंता प्रदीप राय के अनुसार ट्रांसफार्मर जलने की सूचना देर से मिली और नया ट्रांसफार्मर रविवार दोपहर तक बदल सकेगा। एसडीएम रमेश बाबू ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना मिल चुकी है और उसे जल्द बदलवा दिया जाएगा।