पुवायां। पुवायां पुलिस ने बेवजह घूमने पर 18 लोगों को पकड़कर रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट के बाद सभी को मुचलके पर छोड़ दिया गया है। इससे पहले भी 82 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लघंन करने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है।
गांव करनापुर और गंगसरा में तमाम लोगों के हाईवे पर घूमने की सूचना पर इंस्पेक्टर जसवीर सिंह के नेतृत्व में एसएसआई संजय शुक्ला और पुलिस टीम ने गांवों में पहुंचकर लोगों को पकड़ लिया। पुवायां कस्बे से भी कुछ लोग पकड़े गए। सभी को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई, लेकिन लोग बाहर घूमने के संबंध में उचित कारण नहीं बता सके। इसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली और बाद में मुचलके भरवाकर छोड़ दिया। पुलिस की धरपकड़ के चलते गंगसरा, करनापुर में बाहर घूम रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने कई वाहनों का चालान भी किया है। इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने कहा कि लोग लॉकडाउन का पालन करें और बेवजह घरों से न निकलें। बिना उचित कारण बाहर घूमने पर कार्रवाई की जाएगी।
क्रशर से घर जा रहे श्रमिकों को लौटाया
पुवायां। पुवायां के एक गन्ना क्रेशर पर सीतापुर के श्रमिक काम करते हैं। पेराई सत्र समाप्त हो जाने के बाद दस श्रमिक शुक्रवार को पैदल ही घर के लिए चल दिए। पुवायां में राजीव चौक पर पुलिस ने श्रमिकों को रोक लिया और पूछताछ की। इसके बाद सभी श्रमिकों को वापस क्रेशर पर भेज दिया गया। बताया गया कि लॉकडाउन तक सभी श्रमिक मिल पर ही रहेंगे। बाहर निकलने पर कार्रवाई की जाएगी।
लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर चार पर रिपोर्ट
जैतीपुर। नौगवा नरोत्तम गांव से कुछ दूरी पर बेवजह घूम रहे चार लोगों को पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पकड़ा है। चारों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। गढिया रंगीन थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि जगदीश, सुनील, राम खिलौना, सुखपाल निवासी नरोत्तम के खिलाफ 188 के तहत कार्रवाई की गई है।