शाहजहांपुर। सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए प्रशासन की सख्ती का असर बाजारों में दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को शहर की बहादुरगंज और केरूगंज स्थित सब्जी व गल्ला मंडी में शुक्रवार को भीड़भाड़ कम रही। कुछ दुकानों पर इक्का-दुक्का लोग ही खरीदारी करते दिखाई दिए, जबकि लॉकडाउन के शुरूआती दिनों में बाजार में पैर रखने की जगह भी नहीं होती थी। इससे सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं हो पा रहा था। हालांकि दुकानदारों का कहना था कि होम डिलीवरी की डिमांड बढ़ने से भीड़ कम हो रही है।
अमर उजाला ने शुक्रवार को एक बार फिर बाजार का जायजा लिया। केरुगंज मंडी में जहां सुबह नौ बजे तक दुकानें खुली, तो बहादुरगंज में पूर्वान्ह 11 बजे तक खरीदारी हुई। केरूगंज मंडी खुलने का समय सुबह 7 से 9 बजे तक और बहादुरगंज मंडी का समय 9 बजे से 11 बजे तक का रखा गया है। इस दौरान लोग बाजारों में पहुंचकर खरीदारी करते हैं। लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के बाद पहले दिन बाजार में अच्छी खासी भीड़ रही लेकिन शुक्रवार को खरीदारी के लिए आने वालों की संख्या कम हो गई। दुकानदारों की मानें तो ज्यादातर लोगों के घरों में राशन पहुंच चुका है, साथ ही लोग होम डिलीवरी से भी सामान मंगा रहे हैं, जिससे बाजार में भीड़ कम हो गई है। सिटी मजिस्ट्रेट विनीता सिंह ने बहादुरगंज मंडी पहुंचकर सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बहादुरगंज में मेन रोड पर वाहनों का आवागमन रहा जारी
बहादुरगंज बाजार में प्रशासन ने वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इसके बाद भी लोग वाहनों से ही बाजार में पहुंचते हैं। शुक्रवार को लोग वाहनों से आए लेकिन उन्हें मेन रोड पर रोक दिया गया। इससे जाम की स्थिति बन रही थी। हालांकि पुलिस कर्मी वाहनों को हटवाते रहे।
जैन मार्केट में सामाजिक दूरी का नहीं हुआ पालन
बहादुरगंज स्थित जैन मार्केट में सामाजिक दूरी का पालन होता नहीं मिला। जबकि दुकानों के आगे गोल घेरे भी बनाए गए हैं। दुकानों पर खरीदारी के लिए लोग इकट्ठा होते रहे और एक दूसरे से दूरी बनाने रखने बिना ही सामान खरीदकर ले गए। दुकानदारों ने भी उनसे सामाजिक दूरी बनाने रखने का अनुरोध नहीं किया।
केरूगंज में नहीं जाने दिए वाहन, भीड़ भी रही कम
केरूगंज स्थित गल्ला मंडी में जाने वाली गली को बैरिकेडिंग किया गया है, जिससे कोई वाहन बाजार के अंदर न जा सके। इसके बाद भी शुक्रवार को बाजार पहुंचने वाले लोग बैरीकेडिंग के अंदर जाने का प्रयास करते रहे। इस पर पुलिस कर्मियों ने रोका और वाहनों को चौराहे पर ही खाली जगह में खड़ा करने को कहा। वहीं बाजार में स्थित गल्ला और सब्जी मंडी में भीड़भाड़ कम दिखी। गल्ला मंडी में जहां दुकानों के सामने लोगों को सामाजिक दूरी बनाए खड़े देखा गया, तो सब्जी मंडी में ज्यादातर दुकानों पर एक-दो लोग ही थे। दुकानों ने बताया कि सुबह से ही बाजार में बाजार में भीड़ कम रही। सात बजे जब बाजार खुला तब कुछ बिक्री हुई, लेकिन आठ बजे के बाद खरीदारी करने वाले कम होने लगे।