फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: अनुबंध पर आलू सोना, खुले बाजार में मामूली मोल

Tue, 14 Mar 2023 01:26 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
पुवायां में खेत में लगा आलू का ढेर। संवाद
विज्ञापन
हरिओम त्रिवेदी
विज्ञापन

पुवायां (शाहजहांपुर)। सरकार ने प्रदेश के सात जिलों में आलू खरीद की घोषणा की है। इसमें शाहजहांपुर शामिल नहीं है, लेकिन पुवायां तहसील के दो सौ से अधिक किसान कई बड़ी कंपनियों से अनुबंधित खेती (कांट्रेक्ट फार्मिंग) से जुड़े हुए हैं। इन किसानों को आलू के रेट सरकारी रेट से काफी ज्यादा मिल जाते हैं और लाभ होता है। वहीं, छोटे किसान लागत से कम में खुले बाजार में आलू बेचने पर विवश हैं। उनके लिए आलू खास फायदे का सौदा नहीं हो सका है।

कई वर्षों से कांट्रेक्ट फार्मिंग से लाभ उठा रहे किसान पुवायां तहसील क्षेत्र के तमाम किसान बड़ी कंपनियों से जुड़कर आलू की खेती कर रहे हैं। इन किसानों को कंपनियों की ओर से 24 सौ रुपये प्रति क्विंटल आलू का बीज दिया जाता है। फसल में पड़ने वाली दवाएं और परामर्श भी कंपनी की ओर से देकर फसल तैयार कराई जाती है।
विज्ञापन

दिसंबर में तैयार आलू को कंपनी 1666-1700 रुपये प्रति क्विंटल और मार्च में तैयार आलू को 1100-1200 रुपये प्रति क्विंटल खरीदती है। प्रति एकड़ लगभग सौ क्विंटल आलू ऐसा होता है, जो कंपनी खरीदती है। शेष 15 से 20 क्विंटल आलू बाजार में बिक जाता है। कंपनियां 30 एमएम के कम मोटाई का आलू नहीं खरीदती हैं। संवाद

ये किस्में होती हैं तैयार
एक कंपनी एफसी-3, एफसी-5 और एफसी-11 आलू की बोआई कराती हैं। दूसरी कंपनियां चिप्सोना, एलआर आदि किस्मों की बोआई कराती हैं। चिप्सोना और एलआर 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल बिकता है। पुवायां में रेड रोज (लाल आलू) आलू की खेती भी होती है। इसे न कंपनी पसंद करती हैं और न ही स्थानीय बाजार में कोई खरीदता है। रेड रोज आलू नेपाल और बिहार के व्यापारी ले जाते हैं। वहां इसकी ज्यादा मांग है। अनुबंधित खेती से जुड़े किसान एक कंपनी की 900 एकड़, दो अन्य कंपनियों का लगभग एक हजार एकड़ आलू तैयार करते हैं। आगरा आदि के कुछ व्यापारी भी अनुबंध पर आलू की खेती कराते हैं।

प्रति एकड़ 80 हजार रुपये लागत
आलू तैयार करने में प्रति एकड़ लगभग 80 हजार रुपये खर्च आता है। इसमें खेती का ठेका शामिल नहीं है। ठेका भी 15 से 20 हजार जोड़ दिया जाए तो लागत एक लाख रुपये तक पहुंच जाएगी। इसमें जुताई के दस हजार रुपये, खाद के 20 हजार, बीज के 30 हजार, स्प्रे के 15 हजार और श्रमिकों पर खर्च पांच हजार रुपये शामिल हैं। एक एकड़ में 100 से 120 क्विंटल आलू निकले हैं। कंपनियों को बेचने पर आलू 1.25 लाख रुपये तक का निकल आता है। सरकार ने 650 रुपये प्रति क्विंटल आलू खरीदने की बात कही है। ऐसे में किसान को आलू बेचने पर लागत तक नहीं निकल सकेगी।

छोटे किसान से नहीं होता अनुबंध
छोटे किसान कंपनियों से अनुबंध पर खेती नहीं कर सकते हैं। इसकी वजह यह है कि कंपनियां बीज आदि का एडवांस रुपये लेती हैं और पांच एकड़ से कम के किसान से अनुबंध नहीं करती है। ऐसे में छोटे किसान चिप्सोना, पुखराज, रेड रोज आदि आलू उगाते हैं और खुले बाजार में बेचते हैं। पुखराज आदि की पैदावार 125 से 150 क्विंटल प्रति एकड़ है। बाजार में कम रेट मिलने के कारण छोटे किसानों को ज्यादा लाभ नहीं होता।

लागत ज्यादा, मोल कम
छोटे किसानों की लागत प्रति एकड़ लगभग 60 हजार रुपये आती है। जमीन का ठेका 20 हजार रुपये मान लिया जाए तो लागत 80 हजार रुपये प्रति एकड़ हो जाती है। छोटे किसान पुखराज आदि किस्म के आलू उगाते हैं। अच्छी फसल होने पर प्रति एकड़ लगभग 150 क्विंटल आलू निकल आता है। बाजार में इस समय आलू का भाव 400 से 500 रुपये प्रति क्विंटल है। इस प्रकार एक एकड़ का आलू 75 हजार रुपये ही निकल रहा है। किसान को प्रति एकड़ पांच हजार रुपये घट रहे हैं और उसकी खुद की मेहनत भी बेकार गई है।

जिले में 14000 हेक्टेयर में बोई गई आलू फसल
दो वर्ष पहले तक जिले में आलू की खेती 10500 हेक्टयर क्षेत्रफल में सीमित थी। कोरोना काल में लॉकडाउन के कारण सब्जियों की आवक थमने से आलू महंगा हुआ तो बीते वर्ष किसानों ने आलू का रकबा बढ़ाकर 11720 हेक्टेयर कर दिया। बीते वर्ष होली से पहले आलू के दाम चढ़े तो किसानों ने इस वर्ष आलू का रकबा बढ़ाकर 14000 हेक्टेयर कर लिया। इस कारण आलू की पैदावार बढ़ गई, लेकिन रेट कम होने से किसान को नुकसान उठाना पड़ गया।

अनुबंधित खेती में किसान को पहले से तयशुदा रेट मिल जाते हैं। बीज, दवाओं आदि में लागत ज्यादा लगानी पड़ती है। इस बार आलू के रेट बेहद कम रहे हैं। -अमनदीप सिंह लवी, बरौना फार्म, पुवायां
मैं एक बहुराष्ट्रीय कंपनी से अनुबंध पर आलू की खेती कर रहा हूं। 15 वर्ष से जुड़ा हूं। कंपनी आलू के ठीक रेट दे देती है। खुले बाजार में तो भारी घाटा हो जाता है। - दलजीत सिंह, बरौना पुवायां
गत वर्ष बारिश में आलू की फसल से नुकसान हुआ था। इस बार आलू के रेट कम होने से जमीन में प्रति एकड़ 20 हजार और ठेके की जमीन से 40 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। -विजय वर्मा, रामपुर कलां
विज्ञापन


इस बार बहुत नुकसान हुआ है। 250 से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक आलू की बिक्री हुई है। प्रति एकड़ 40 हजार का नुकसान हुआ है। सरकार को आलू किसानों को राहत देनी चाहिए। -पुत्तूलाल, रामपुर कलां, खुटार

पुवायां में खेत में लगा आलू का ढेर। संवाद

पुवायां में खेत में लगा आलू का ढेर। संवाद

पुवायां में खेत में लगा आलू का ढेर। संवाद

पुवायां में खेत में लगा आलू का ढेर। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें