अल्हागंज। उप डाकघर में खातेदारों की लाखों की जमा पूंजी के गबन के बहुचर्चित मामले में शनिवार को देर रात रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इसमें निवर्तमान उप डाकपाल नवीन कुमार आर्य, पोस्टमैन सूरज शुक्ला और उसके पुत्र रितिक शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अभी घोटाले की तमाम परतें खुलना बाकी हैं, क्योंकि पुलिस ने अभी विभागीय जांच के आधार पर मिली तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की विवेचना जो तथ्य उजागर होंगे, उन्हें भी आगे की कार्रवाई का आधार बनाया जाएगा।
डाक निरीक्षक अमर पाल की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट में तीनों आरोपियों पर खाताधारकों की जमापूंजी में गबन, फर्जी निकासी आदि से संबंधित कई मामलों का उल्लेख कर उनकी संलिप्तता बताई गई है। रिपोर्ट में कहा है कि उप डाकघर में डाक सेवक (पोस्टमैन) पद पर सूरज शुक्ला नियुक्त है, यह दस जुलाई से बिना किसी पूर्व सूचना के लापता है।
खातेदारों से लगातार मिल रही शिकायतों की जांच से सामने आया कि खातेदारोंं से उसने जमा करने के लिए ली गई रकम न तो खातों में जमा की गई और न ही खातेदारों को उसकी कोई अधिकृत रसीद दी गई।
आरोप है कि उपभोक्ताओं के रुपये लेकर पोस्टमैन सूरज प्रकाश अपने पुत्र रितिक शुक्ल के नाम से डाकघर में खोले गए खाते में जमा करने के बाद में निकाल लिए। तमाम उपभोक्ताओं की रकम रितिक द्वारा खाते में जमा कराई जाती रही और बाद में रकम को निजी उपयोग में लाया गया।
तत्कालीन उप डाकपाल नवीन कुमार पर आरोप है कि उन्होंने इन अनियमितताओं को नजरअंदाज कर आरोपी पोस्टमैन को मौन सहमति दी। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ विभागीय जांच के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। विवेचना पूरी होने पर विधिक कार्रवाई होगी।
आरोपी रितिक के वीडियो वायरल होने से महंगे शौक उजागर
अल्हागंज। उप डाकघर घोटाले में नामजद पोस्टमैन सूरज प्रकाश के पुत्र रितिक शुक्ला सोशल मीडिया पर भी लोगों के निशाने पर आ गया है। उसकी महंगी लाइफ स्टाइल को दर्शाने वाली कई वीडियो वायरल हो रही हैं। खाताधारक इस बात से नाराज हैं कि जब उनकी बचत डूब रही थी, उस दौरान आरोपी का बेटा सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर अपने शाही खर्चों की नुमाइश कर रहा था। उसके ब्रांडेड कपड़े, आईफोन, स्टाइलिश बाइक आदि एक सामान्य डाककर्मी के रहन-सहन से मेल नहीं खाते हैं। अमर उजाला ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। संवाद