शाहजहांपुर। नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को ‘संभव’ के तहत जनसुनवाई का आयोजन हुआ। इसमें नाले और नाली से संबंधित शिकायत अधिक आईं। कुल सात शिकायतें आईं। इनमें किसी का निस्तारण नहीं हो सका। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा ने शिकायतों को समय से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
मोहल्ला गांधी कॉलोनी निवासी सुनील कुमार सक्सेना ने तक्षशिला स्कूल की तरफ से नाले-नाली की सफाई कराने की, चमकनी करबला निवासी रामलाल ने सरकारी नल सही कराने की, घूरनतलैया निवासी उमाकांत सक्सेना ने कुत्तों और बंदरों के हमला करने की शिकायत की। इसके अलावा बिजलीपुरा निवासी यासीन ने दाखिल-खारिज कराए जाने, कांशीराम कॉलोनी निवासी प्रदीप ने सफाई कर्मचारी को बदलने और मनोज कुमार ने पीएफ काटे जाने के संबंध में शिकायत की। इस दौरान अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद