अल्हागंज। सरकार की ओर से राशन कार्ड धारकों के मुफ्त चावल वितरण में घटतौली का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने अल्हागंज की ग्राम पंचायत साहबगंज की महिला कोटेदार पर घटतौली का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने कोटेदार के एक रिश्तेदार को हिरासत में लिया है। हालांकि मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
ग्राम पंचायत के मजरा पूर्वी मंझा निवासी आसाराम वर्मा, सरिता देवी, महेंद्र आदि ने बताया की प्रति यूनिट पांच किलो चावल मुफ्त मिल रहे हैं, लेकिन कोटेदार द्वारा घटतौली की जा रही है। उन लोगों को निर्धारित वजन से कम चावल मिल रहा है। आरोप है कि घटतौली पर एतराज जताने पर कोटेदार द्वारा धमकी दी गई। सरिता देवी ने बताया उनके परिवार में तीन यूनिट हैं, इस तरह उनको 15 किलो चावल मिलना चाहिए था, लेकिन जब उसका वजन इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर किया तो उसका वजन 14 किलो निकला। पुलिस को दी गई तहरीर में शिवम, महावीर, रतिपाल, शिवराज, राजेश, चेतन, लालाराम सहित कई लोगों के हस्ताक्षर हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कोटेदार का एक रिश्तेदार को हिरासत में ले लिया है। शिकायत क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक पवन कुमार से भी की गई है।
साहबगंज की महिला कोटेदार द्वारा राशन कार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा से कम चावल वितरण की शिकायत मिली है। जांच की जा रही है। मामला सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - पवन कुमार, क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक