शाहजहांपुर। जिला पंचायत बोर्ड की तीसरी महिला अध्यक्ष बनीं ममता यादव कहती हैं कि विकास कार्यों में सभी का मार्गदर्शन और सहयोग रहेगा मगर फैसले मन से वही लिए जाएंगे जो जनहितकारी होंगे। राजनीति में महिलाओं के उत्थान के लिए जो संभव होगा, वह किया जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष की राजनीति विरासत में मिली है। ससुर वीरेंद्र पाल सिंह यादव सन् 2000 में जिला पंचायत अध्यक्ष बने थे। वहीं पति अजय प्रताप सिंह 2015 में जिला पंचायत अध्यक्ष बने और कार्यकाल पूरा किया। अब ममता यादव जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। ममता यादव कहती हैं कि उनका एजेंडा साफ है। जिला पंचायत बोर्ड के सभी सदस्यों से समन्वय बनाते हुए विकास के नए कीर्तिमान गढ़ने हैं। महिला होने के नाते महिलाओं की आवाज हर स्तर पर उठाएंगे। जिले की कोई भी महिला किसी भी समस्या को लेकर उनसे मिल सकती है। जहां तक संभव होगा, वह उनके साथ खड़ी हैं। मंत्री सुरेश कुुमार खन्ना को गुरु मानते हुए ममता यादव कहती हैं कि खन्ना जी के निर्देशानुसार हर व्यक्ति की समस्या और सिफारिश का ध्यान रखा जाएगा। कोशिश रहेगी कि जनहित का कोई कार्य शिथिल न होने पाए। सभी के मार्गदर्शन और सहयोग से जिला पंचायत के जरिये विकास कार्य किए जाएंगे। जनहित के निर्णय स्वतंत्रतापूर्वक लिए जाएंगे। किसी के दबाव में जनहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि का अनुभव काम आएगा। जिले के प्रथम नागरिक की जिम्मेदारी बड़ी होती है, इसका पूरा भान है। इसके मान-सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।