शाहजहांपुर। नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने सोमवार को अपनी कुर्सी संभाल ली। गांधी भवन में आयोजित समारोह के दौरान उन्हें डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने सदस्यों को शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, विशिष्ट अतिथि सांसद अरुण सागर भी मौजूद रहे।
शपथग्रहण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य जनता से मधुर व्यवहार बनाकर रखें। अच्छी नियत के साथ अपने क्षेत्र की जनता का विकास करें। जनता ने जनसेवक के रूप में सभी को चुना है। इसलिए पहला कर्तव्य बनता है कि सभी जनता के बीच रहें और उनकी हर संभव समस्याओं को निस्तारित करें। कैबिनेट मंत्री ने कहा है कि जिला पंचायत सदस्यों के पास अधिकारियों एवं अपने क्षेत्र के प्रधान तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नंबर होने चाहिए। यह निर्धारित कर लें कि एक निर्धारित समय में जनता की समस्याएं सुनना है। जनप्रतिनिधि जिस शिकायतकर्ता की शिकायत निस्तारित करें उसको फोन कॉल अथवा डाक के माध्यम से अवगत करा दें।
कैबिनेट ने कहा कि पैना बुजुर्ग में तीस बेड के अस्पताल को स्वीकृति मिल गई है। यहां पर सौ बेड का अस्पताल बनवाने की कोशिश रहेगी। टाउन हॉल हॉकी मैदान में सौ सीटों का सभागार बनवाने की घोषणा भी की।
विधायक रोशनलाल वर्मा, चेतराम, मानवेंद्र सिंह, सांसद अरुण सागर, जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्रपाल सिंह यादव ने भी संबोधित किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शॉल ओढ़ाकर सभी ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत सदस्यों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर और सुरेश मिश्रा ने किया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर सिंह, महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, पूर्व विधायक दल सिंह यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, देवेंद्र पाल सिंह, प्रेम नारंग, अभिषेक नारंग, अनिल नारंग, विजय कुमरा, रोमी आनंद, ओपी वर्मा, इकबाल हुसैन, अनिल कुमार सिंह, विष्णु गुप्ता, कुलदीप सिंह यादव, अजय प्रकाश गुप्ता, भूपेंद्र सिंह, विजय कुमार पांडेय, असेसर सिंह आदि मौजूद रहे।
इस अवसर पर चन्द्रभानु सिंह एवं अनुराधा यादव द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव को चांदी का मुकुट भेंटकर सम्मानित किया गया। ऑक्सीजन सप्लायर प्रेम नारंग ने कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना एवं नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव को चांदी का मुकुट भेंट किया। इसके उपरान्त विकास भवन सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता सदन की पहली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को जरूरी जानकारी दी। इस अवसर पर सांसद अरुण कुमार सागर, विधायक तिलहर रोशन लाल वर्मा, विधायक पुवायां चेतराम, ददरौल विधायक मानवेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधीक्षक एस आनन्द, मुख्य विकास अधिकारी प्रेरण शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
नहीं पहुंचे जितिन
हाल में भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद सोमवार को दिल्ली में राजनीतिक व्यस्तता के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने अपने सहयोगी विनीत मिश्र, शशिमोहन अग्निहोत्री के द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव को शुभकामना संदेश भेजा। कार्यक्रम में सहयोगी कौशल मिश्रा, भूपेंद्र सिंह भन्नू ने जितिन प्रसाद की ओर से भेजे गए पुष्पगुच्छ को ममता यादव को देकर शुभकामनाएं दीं।