शाहजहांपुर। घरेलू विवाद में मदनापुर क्षेत्र के चाहरपुर गांव में मंजू सिंह पर तेजाब फेंकने के मामले में उसके पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम पीलीभीत भेजी गई है। साथ ही दूसरी टीम ने पुवायां में उसकी रिश्तेदारियों में दबिश दी है।
18 जून की सुबह सत्यवीर सिंह ने पत्नी मंजू सिंह के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया था। राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को लखनऊ रेफर कर दिया गया था। मामले में थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के खमरिया गांव निवासी मंजू सिंह के भाई विनीत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि बहन की शादी 27 साल पूर्व सत्यवीर से हुई थी।
करीब तीन माह से बहनोई सत्यवीर बहन मंजू को काफी परेशान कर रहा था। उनके साथ आए दिन मारपीट करता था। परेशान होकर मंजू के मायके वालों ने थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन मामला पारिवारिक होने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करने के स्थान पर पति-पत्नी को समझाबुझाकर शांत कर दिया था। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास जारी हैं।