रोजा। आठ माह पूर्व चोरी हुई बाइक का चालान होने के बाद पुलिस चोरों तक पहुंची। रविवार सुबह पुलिस ने दिउरिया गांव के पास घेराबंदी कर तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की बाइक बरामद कर ली गई है।
21 नवंबर 2025 को क्षेत्र के चकभिठारा गांव निवासी आनंद की बाइक नमकीन फैक्टरी के पास से बाइक चोरी हो गई थी। आनंद ने ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ थाने में भी तहरीर दी थी। बाइक चोरी के आठ महीने बीत गए, लेकिन पुलिस चोरी की घटना का सुराग नहीं लगा पाई। छह जून को रोजा थाने के एक दरोगा ने चोरी हुई बाइक का चालान किया। चालान कटते ही मेसेज आनंद के मोबाइल पर पहुंचा। इसके बाद आनंद ने थाने पहुंचकर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने 17 जून को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
रविवार सुबह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गांव दियूरिया निवासी मोईन, आशीष उर्फ मिथुन व थाना आरसी मिशन के मोहल्ला नई बस्ती निवासी रिजवान को गिरफ्तार किया। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि बाइक चोरी के मामले में तीन लोगों को पकड़ा गया है। तीनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।