बंडा। पत्नी से विवाद होने पर पिता ने पुलिस को बुलाया तो युवक ने कमरे का दरवाजा बंदकर फंदा लगाकर जान दे दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गांव ददिउरी निवासी 27 वर्षीय अजय वर्मा का बुधवार सुबह अपनी पत्नी सोनी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। वह सोनी को पीटने लगा तो उसके पिता श्रीकृष्ण ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने आकर पूछताछ शुरू की तो अजय घर के अंदर चला गया और कमरे का दरवाजा बंद कर कुंडे में साड़ी को फंदा बनाकर लटक गया। इस दौरान पुलिस और परिवार के लोग दरवाजा खटखटाते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर अजय का शव कुंडे से लटक रहा था। इससे घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर बंडा थाने से पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि परिवार के लोग किसी पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। अजय की मौत से मां ओमकली, पत्नी सोनी, पुत्र मोहित और सोहित का रो-रोकर बुरा हाल है। अजय की एक छह माह की बच्ची भी है।