शाहजहांपुर। चीनी मांझा से गर्दन कटने से सिपाही की मौत के बाद सुस्त पड़ी पुलिस वसंती पंचमी करीब आने पर फिर से सक्रिय हो गई है। चीनी मांझा की धड़पकड़ के लिए अभियान चलाकर दुकानों की जांच की गई। वसंत पंचमी पर पतंग उड़ाने वालों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। शर्त लगाकर पतंगबाजी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
11 जनवरी को अजीजगंज क्षेत्र में सिपाही शाहरुख हसन की चीनी मांझा से गर्दन कटने से मौत हो गई थी। तब कुछ दिन पुलिस ने अभियान चलाकर चीनी मांझे की धरपकड़ की थी। इसके बाद अभियान शांत हो गया था। शुक्रवार को सदर बाजार, चौक कोतवाली, आरसी मिशन व अन्य थानों की पुलिस ने चीनी मांझा का इस्तेमाल करने, बिक्री एवं खरीद को लेकर जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। पतंग विक्रेताओं को चीनी मांझा खरीदने व बेचने के लिए स्पष्ट मना किया गया। उन्हें बताया कि चीनी मांझा जो कांच एवं धातु की कोडिंग के कारण बेहद धारदार होता है। पर्यावरण एवं पक्षियों के लिए भी घातक साबित हो रहा है। पुलिस ने अपने जागरूकता अभियान के दौरान स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रतिबंधित मांझे की खरीद, बिक्री व उपयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चीनी मांझा बेचने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चल रहा है। वसंत पंचमी के पर्व पर चीनी मांझा इस्तेमाल करने वालों निगरानी ड्रोन से की जाएगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट