फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस भर्ती : जाम में फंसे, जैसे-तैसे केंद्र पहुंचे अभ्यर्थी

Sun, 18 Feb 2024 02:04 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों को शहर में चल रही सीवर लाइन की खोदाई की वजह से काफी परेशानी उठानी पड़ी। टूटी सड़कों के चलते लगे जाम में वह काफी देर तक फंसे रहे और उनका समय खराब हुआ। ऐसे में जैसे-तैसे केंद्र पहुंचे और परीक्षा दी।
विज्ञापन

शनिवार को यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पहला दिन था। जिले के 11 स्कूल और कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। आसपास के जिलों के अभ्यर्थी तड़के ही अपने घरों से चल दिए थे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से थी, लेकिन अभ्यर्थियों को आधा घंटे पहले ही केंद्रों तक पहुंचना था। शहर तक आने में उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई, लेकिन शहर के अंदर प्रवेश के बाद केंद्रों तक पहुंचने में उन्हें काफी समय लग गया। परीक्षा केंद्रों की ओर जाने वाले रास्तों के खस्ताहाल होने की वजह से वाहन रफ्तार नहीं पकड़ पा रहे थे। मिट्टी और पत्थर की वजह से वाहनों के पहिये फंसते रहे। इससे जाम लगता रहा। सबसे ज्यादा परेशानी खिरनीबाग होकर इस्लामिया इंटर कॉलेज की ओर जाने वाले अभ्यर्थियों को हुई। इस मार्ग पर भयंकर जाम रहा। घंटाघर से चारखंभा मार्ग तक भी जाम की स्थिति बनी रही। इससे जनता इंटर कॉलेज और एसएस लॉ कॉलेज जाने वाले अभ्यर्थियों को परेशानी हुई।
-
बसों और ट्रेनों में रही भीड़भाड़, होटल भी फुल
पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते शनिवार को बसों और ट्रेनों में भीड़भाड़ रही। होटल भी फुल रहे। हालांकि कुछ स्थानों पर अभ्यर्थियों के ठहरने की निशुल्क व्यवस्था की गई थी। दो दिवसीय पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जिले में करीब 21 हजार अभ्यर्थियों के केंद्र यहां पड़े हैं। पहले दिन ही लगभग 10 हजार अभ्यर्थी यहां पहुंचे। इसके चलते ट्रेनों-बसों में भीड़ उमड़ी। जबकि, परिवहन निगम ने आसपास को जिलों से आने और जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाई थीं। चालक-परिचालकों की छुट्टियां भी निरस्त की गई थीं। किसी रूट के लिए सवारियां ज्यादा होने पर तत्काल उस रूट के लिए बस उपलब्ध कराई गई। पूछताछ कक्ष में भी कर्मचारी मुस्तैद रहे। एआरएम आरएम पांडेय ने बताया कि रविवार को भी पूछताछ केंद्र 24 घंटे क्रियाशील रहेंगे। इसके लिए स्टेशन प्रभारी को निर्देश दे दिए गए हैं। कौन-सी बस किस दिशा में जा रही है, इसकी भी लगातार उद्घोषणा की जा रही है। वहीं, ट्रेनों में भी सामान्य दिनों से अधिक भीड़भाड़ रही। स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर ने बताया कि तमाम अभ्यर्थी शुक्रवार रात को ही स्टेशन पर आ गए और सुबह परीक्षा केंद्रों पर गए।
विज्ञापन

वहीं परीक्षा के चलते स्टेशन रोड के साथ ही शहर के तमाम इलाकों में स्थित होटल, पैलेस, धर्मशाला, डॉरमेट्री में कमरे फुल हो गए। एक होटल के संचालक रोहित सिंह ने बताया कि शुक्रवार को ही कमरों की बुकिंग शुरू हो गई थी। रविवार शाम तक के लिए कमरे बुक हैं। हालांकि, तमाम अभ्यर्थियों ने धर्मशाला, डाॅरमेट्री को ही प्राथमिकता दी। कांग्रेस कार्यालय पर अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें रात सड़क, रेलवे स्टेशन व खुले स्थान पर न गुजारनी पड़े।
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें