पुवायां। एक घर में धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर खलबली मच गई। थाना पुलिस गांव पहुंची। इसके बाद कार्यक्रम को बंद करवा दिया गया। हालांकि कार्यक्रम करने वालों ने प्रार्थना सभा करने की बात कही। पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
गांव नहिलोरा बुजुर्ग में दो माह में तीसरी बार घर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। बाहर से लोगों के आने के कारण गांव के लोगों में सभा को लेकर तमाम चर्चाएं थीं। मंगलवार को भी सभा में कुछ लोग कार से पहुंचे थे। इसके बाद एक घर में आसपास और गांव के तमाम लोग इकट्ठे होने लगे। किसी ने प्रार्थना सभा के जरिये धर्म परिवर्तन के लिए बरगलाये जाने की सूचना पुलिस को दे दी। जिस इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर बाहर से आए लोग वहां से खिसक लिये। जिस घर में कार्यक्रम चल रहा था। उसके मालिक ने बताया कि धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को बरगलाने की बात निराधार है। उसके यहां सत्संग की तरह कार्यक्रम चल रहा था। लोगों ने गलत सूचना दी है। पुलिस भवन स्वामी को थाने ले आई है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।