शाहजहांपुर। कच्चा कटरा तिराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रही पुलिस टीम पर एक हिस्ट्रीशीटर ने साथी के साथ जानलेवा हमला कर दिया। शराब के नशे में बाइक से पहुंचे आरोपी ने पहले कांच की बोतल से पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसने बोतल अपने सिर पर मारकर तोड़ ली और टूटी बोतल से दोबारा पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में तीन सिपाही घायल हो गए।
सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि बृहस्पतिवार को कच्चा कटरा तिराहे पर जाम लगा हुआ था। पुलिस टीम जाम खुलवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करा रही थी। इसी दौरान चौक की ओर से बाइक पर सवार होकर दोनों आरोपी पहुंचे। यातायात पूरी तरह रुका होने के बावजूद दोनों तेजी से बाइक निकालने की कोशिश करने लगे।
बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति के हाथ में शराब की बोतल थी। आरोप है कि शराब के नशे में उसने बोतल से पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकना चाहा तो उसने बोतल अपने सिर पर मार ली। बोतल टूटने के बाद उसके कांच से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान वह पुलिसकर्मियों से बोला कि वह हिस्ट्रीशीटर चंपू है, उसे पकड़ोगे तो अंजाम ठीक नहीं होगा। बोतल का कांच हाथ में लगने से सिपाही अनुज, गौरव और रोहित घायल हो गए।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मोहल्ला मोहम्मद जई निवासी स्पर्श शर्मा उर्फ चंपू और रोजा के मोहल्ला लोधीपुर निवासी अनमोल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस ने स्पर्श शर्मा उर्फ चंपू के दाहिने हाथ से आधी टूटी हुई कांच की बोतल बरामद की है। घटना में दोनों आरोपियों और पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। सभी को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। सीओ सिटी के अनुसार, 26 वर्षीय स्पर्श शर्मा उर्फ चंपू के खिलाफ गंभीर धाराओं में करीब 24 मुकदमे दर्ज हैं। ये मुकदमे जानलेवा हमले, एनडीपीएस एक्ट, आयुध अधिनियम, एससीएसटी एक्ट आदि धाराओं में सदर बाजार, चौक कोतवाली, रोजा आदि थानों में दर्ज हैं। साथी अनमोल पर भी चार मुकदमे दर्ज हैं।