जलालाबाद में पुलिस बुलाकर किया गया किसानों को बीज वितरण। संवाद
जलालाबाद। राजकीय कृषि बीज भंडार पर अनुदानित गेहूं बीज लेने के लिए सोमवार को सुबह से ही किसान उमड़ने लगे। बीज वितरण में कठिनाई होते देख गोदाम के प्रभारी मनोज यादव ने सूचना देकर पुलिस से मदद मांगी। बाद में पुलिस ने अपनी निगरानी में किसानों को गेहूं और सरसों का बीज बंटवाया।
राजकीय बीज गोदाम पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं का बीज दिया जा रहा है। बाजार से दोगुनी कीमत पर गेहूं का बीज खरीदने से बचने के लिए काफी संख्या में किसान सुबह होते ही वहां पहुंचने लगे। दस बजे तक इतने किसान आ गए कि बीज बांटना कठिन हो गया। गोदाम के प्रभारी ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में किसानों की लाइन लगवाकर बीज बांटा गया। संवाद
गेहूं बीज वितरण के दौरान धक्का-मुक्की में महिला घायल
कलान। राजकीय कृषि बीज भंडार सोमवार को पांचवें दिन खुलने के साथ ही वहां किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी और अफरातफरी का माहौल हो गया। इस कारण धक्का-मुक्की होने पर बीज लेने आईं पिलुआ गांव के रामकिशन की बुजुर्ग पत्नी रानी घायल हो गईं। बाद में कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों की लाइन लगवाकर बीज वितरण कराया। संवाद
गेहूं का बीज पाने में किसानों को छूट रहे पसीने
जैतीपुर। कृषि रक्षा इकाई केंद्र पर किसानों को अनुदानित गेहूं का बीज लेने के लिए पसीने छूट रहे हैं। पहले आओ-पहले पाओ के चक्कर में दिनभर भीड़ बनी रहती है। अव्यवस्था के कारण दूर-दराज से आए किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
किसानों का आरोप है कि वितरण प्रक्रिया में मनमानी की जा रही है। गांव पिटरहाई के बुजुर्ग श्याम वीर सिंह ने बताया कि वह सुबह गोदाम पर गए थे लेकिन दोपहर में जब अंगूठा लगवाने का नंबर आया तो कर्मचारियों ने जमीन के अभिलेख नहीं लाने की बात कहकर वापस भेज दिया। बाखरपुर के दृगपाल सिंह और अभिषेक यादव ने भी शिकायत की कि वे सुबह से बैठे रहे लेकिन शाम तक उनका नंबर नहीं आया।
कर्मचारी मनमानी करते हैं। गोदाम प्रभारी अमन कुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह से शाम तक 400 बोरी गेहूं बीज किसानों को बांटा गया लेकिन मांग अधिक है। संवाद