जलालाबाद। याक़ूबपुर में 22 वर्षीय गोविंद की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में गोली लगने से हुई मौत का कारण दूसरे दिन भी पुलिस तलाश नहीं सकी है।
शुक्रवार को अपराह्न 3:30 बजे याकूबपुर निवासी सुखपाल का छोटा बेटा गोविंद उर्फ विकास सिंह घर की छत पर बने कमरे में लहूलुहान हालत में मिला था। उसके पास एक तमंचा भी पड़ा मिला था। गंभीर रूप से घायल विकास को लेकर परिजन सीएचसी पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुखपाल ने पुलिस को बताया कि बेटे ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि, घर वाले यह नहीं बता सके कि गोविंद ने यदि खुद को गोली मारी है, तो उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसके पास तमंचा कहां से आया। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि मामले की अभी जांच चल रही है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार है और जल्द ही घटना का कारण पता चलने की उम्मीद है। संवाद