शाहजहांपुर। गत वर्ष दिवाली के दौरान पटाखा व्यापारी से रकम वसूलने को लेकर चर्चा में आ चुकी अजीजगंज चौकी पुलिस पर अब मारपीट के आरोपी से 12 हजार रुपये और मोबाइल लेने का आरोप लगा है। क्षेत्र के पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला के संज्ञान में मामला आने पर उन्हाेंने चौकी प्रभारी से संपर्क किया तो पुलिस ने रुपये और मोबाइल लौटा दिया।
चौक कोतवाली इलाके की कांशीराम काॅलोनी में चार दिन पहले दो पक्षों के बीच नहर रोड पर विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने पर पुलिस एक पक्ष के आरोपी युवक को पकड़कर चौकी पर ले गई। आराेप है कि चौकी में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने युवक से रुपये और मोबाइल ले लिया। बाद में मामला क्षेत्रीय पार्षद के पास पहुंचा तो उन्होंने चौकी प्रभारी से नाराजगी जाहिर कर शासन स्तर पर शिकायत करने की चेतावनी दी। इसके बाद युवक को मोबाइल और लिए गए रुपये वापस कर दिए गए। अजीजगंज चौकी प्रभारी ललित शर्मा का कहना है कि घटना वाले दिन वह अदालत के काम से लखनऊ गए हुए थे। इंस्पेक्टर चौक कोतवाली अश्विनी कुमार सिंह ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद