शाहजहांपुर। जलालाबाद थाने से पिस्टल, दस कारतूस और मैगजीन गायब होने पर तत्कालीन हेड मोहर्रिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। देर रात एसपी ने हेड मोहर्रिर को निलंबित कर दिया।
सीओ जलालाबाद ने 28 जनवरी 2025 को जलालाबाद थाने का त्रैमासिक निरीक्षण किया था। इसके बाद 31 जनवरी को आर्मोरर पुलिस लाइन ने जलालाबाद के शस्त्रों का भौतिक निरीक्षण किया था। सत्यापन के समय जलालाबाद के आर्म्स एम्यूनेशन में से नौ एमएम की एक पिस्टल, एक मैगजीन और दस कारतूस कम मिले थे। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई थी।
इस संबंध में एसपी ने तीन फरवरी को सीओ जलालाबाद को प्रारंभिक जांच करने के लिए निर्देशित किया था। सीओ की जांच में हेड मोहर्रिर अंगनलाल को अपने पदेन दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने तथा पिस्टल, कारतूस और मैगजीन के गुम होने का दोषी पाया। सीओ ने जलालाबाद थाना प्रभारी को एफआईआर दर्ज करने के लिए निर्देशित किया।
इसके बाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जलालाबाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात हेड मोहर्रिर अंगनलाल निवासी गांव संडौली, थाना मिलक, जिला रामपुर के खिलाफ सरकारी संपत्ति गबन करने के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। देर रात एसपी ने हेड मोहर्रिर अंगनलाल को निलंबित कर दिया।