मनन प्रोजेक्ट प्रोग्राम में शामिल काउंसलर अनुज्ञा मिश्रा व बच्चे। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। जनपद में बेटियों को सशक्त बनाने एवं उनको आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर विकास भवन सभागार में मनन प्रोजेक्ट का शुभारंभ डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ डाॅ.अपराजिता सिंह ने किया। इसके तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के लिए व्यक्तित्व विकास के लिए कार्यशाला आयोजित की गई।
डीएम व सीडीओ ने मातृत्व सोशल वेलफेयर सोसायटी की ओर से शुरू की गई मुहिम की सराहना करते हुए बेटियों को सशक्त, आत्मविश्वास लाने व मुश्किलों से लड़ने के लिए तैयार किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को खुद व दूसरों की ताकत बनकर समाज में रहना है। सोसायटी की काउंसलर अनुज्ञा मिश्रा ने बेटियों की क्लास लगाकर उनको सशक्त बनने, डर-झिझक दूर करने का मंत्र दिया।
बीएसए दिव्या गुप्ता की ओर से नगर क्षेत्र की 100 बच्चियों को मनन व्यक्तित्व विकास कार्यशाला में लाकर क्लास दिलाई गई। डीएम ने कहा कि इन कक्षाओं में भाग लेनी वालीं बच्चियों को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इससे बच्चियों की हौसला आफजाई होगी। सीडीओ ने बताया कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में वर्कशॉप लगेगी।
इसमें बेटियों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। अभी पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 16 कस्तूरबा विद्यालयों में कक्षाएं शुरू की गईं हैं और आगे इसको पूरे जनपद में शुरू कराया जाएगा। इस दौरान बीएसए दिव्या गुप्ता, सोसायटी से अनुज्ञा मिश्रा व कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की शिक्षिकाएं और वार्डन आदि मौजूद रहीं।