शाहजहांपुर। महानगर में कूड़ा उठान की व्यवस्था चौपट हो चुकी है। इस कारण दिवाली से पहले सड़कों के किनारे गंदगी का अंबार लग गए हैं। बदबू के कारण सड़कों से राहगीरों का निकलना तक दूभर हो गया है।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि सामान्य दिनों में शहर के 60 वार्डों से करीब 130 टन कूड़ा निकलता है। त्योहारी सीजन में खासतौर से दीपावली पर घरों और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई होने से कूड़े की मात्रा बढ़कर 150 टन तक हो जाती है। पिछले एक सप्ताह से धनतेरस, नरक चतुर्दशी व दीपावली को लेकर तैयारियां चल रही हैं। साफ-सफाई के दौरान घरों से भारी मात्रा में कूड़ा निकल रहा है, जिसको लोग घरों के बाहर ही फेंक रहे हैं।
शहर के मोहल्लों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान ठप है। ऐसे में जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आते हैं। मंगलवार को एमनजई जलालनगर में अशफाक उल्ला खां की मजार के पास और बीबीजई हद्दफ में आनंदपुरम कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर कूड़े के ढेर लगे दिखे। लोदीपुर, रंगीन चौपाल, बाडूजई आदि मोहल्लों में गलियों के साथ ही मुख्य सड़कों पर भी कूड़े के ढेर थे।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठान नहीं होता, उन लोगों को घर का कूड़ा बाहर ही डालना पड़ता है। सफाई कर्मचारी नियमित भी नियमित रूप से नहीं आते, कभी झाडू लग जाती है तो कूड़ा उठान नहीं होता।
-
कूड़ा उठान सुबह के समय हो जाता है। उसके बाद पूरे दिन गंदगी पसरी रहती है। शाम के समय में भी कूड़ा उठान की व्यवस्था होनी चाहिए। पहले दोनों समय कूड़ा उठान होता था। बाजारों में सफाई की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है।
- अनूप गुप्ता, पार्षद, दलेलगंज
डोर-टू-डोर कूड़ा के लिए नगर निगम की ओर से मोहल्ला समितियों का गठन करवाया जाना था, जो सभी जगह गठित नहीं हुईं। टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से पूर्व में कूड़ा उठान करवाया गया था। यह प्रक्रिया फिर से शुरू हो।
-रुपेश कुमार वर्मा अन्नू, पार्षद, लोदीपुर
2022 में नगर निगम की स्वच्छता रैकिंग 72 थी। डोर-टू-डोर कूड़ा उठान बंद होने से रैंकिंग 181 पर पहुंच गई है, जो नगर निगम के कर्मचारियों की लापरवाही को दर्शाता है। त्योहारों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए कदम उठाए जाएं। - लालू पुजारी, पार्षद, तारीन टिकली
त्योहारों को लेकर कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। सुबह ही नहीं दोपहर बाद भी कूड़ा उठान के लिए निर्देशित किया है। बाजारों में रात को भी सफाई कार्य दुरुस्त रखने के लिए सफाईकर्मी कार्य करेंगे, जिन स्थानों पर कूड़ा उठान नहीं हो रहा, उनकी मॉनीटरिंग कराकर सुधार लाया जाएगा।
- डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, नगर आयुक्त, नगर निगम
ये है स्थिति-
751 आउटसोर्सिंग सफाई कर्मी।
207 नियमित सफाई कर्मी।
38 टैक्टर-ट्राॅली।
10 जेसीबी।
13 एंटी लार्वा व फॉगिंग मशीन उपलब्ध।
ऐमनजई जलालनगर में पड़ा कूड़ा। संवाद