शाहजहांपुर। सिंगल यूज प्लॉस्टिक पर लगे प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए शनिवार को प्लॉग रन का आयोजन किया गया। सड़क पर पड़ी सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलिथीन को उठाकर कपड़े के बैग में एकत्रित किया गया।
शनिवार को खिरनीबाग स्थित अमर शहीद पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के आवास वाली गली से जलालनगर में शहीद अशफाक उल्ला खां की मजार तक प्लॉग रन निकाला गया। इसमें राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ बाल्मीकि ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ मिलकर रास्ते में पड़े प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथीन को उठाया और कपड़े के बैग में एकत्रित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंगल यूज प्लॉस्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसका उपयोग करना अब गैरकानूनी है। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने सब्जी-फल विक्रेताओं एवं दुकानदारों से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की।
प्लाग रन में सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, जलकल विभाग से महाप्रबंधक सौरभ श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता निर्माण आशीष त्रिवेदी, सहायक अभियंता प्रेमचंद्र आर्य, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पवन कुमार, हरवंश कुमार दीक्षित, राजमंगल सिंह, चंद्रवीर सिंह सागर, सुनील कुमार शाक्य, संजीव कुमार, कर निर्धारण अधिकारी रामसेवक राम, राजस्व निरीक्षक अश्वनी अवस्थी, सुनील कुमार, शिवपूजन सिंह व उनकी टीम आदि शामिल रहे।
हनुमत धाम घाट पर चला विशेष सफाई अभियान
नगर निगम की ओर से शनिवार को हनुमत धाम घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने सफाई कार्य के साथ सिंगल यूज प्लॉस्टिक तथा पॉलीथीन को एकत्रित किया। वहीं, दूसरी ओर संचारी रोत्र नियंत्रण अभियान के तहत नगर क्षेत्र में सफाई कार्य, एंटी लार्वा छिड़काव हुआ।