पुलिस भर्ती के लिए पुलिस लाइंस में फिजिकल फिटनेस और मेडिकल चेकअप कराया। इसमें चार अभ्यर्थी मेडिकल एवं फिजिकल फिटनेस में अनफिट पाए गए, जबकि 56 अभ्यर्थी फिट घोषित हुए।
सोमवार को पुलिस में भर्ती होने के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की नापजोख पुलिस लाइंस में की गई। इसमें 60 अभ्यर्थियों का सीना और लंबाई की नाप की गई। वजन तौलने के साथ ही मेडिकल चेकअप भी किया गया। कमजोर नजर आने वाले अभ्यर्थी वजन बढ़ाने के लिए केले खाते नजर आए। इस टेस्ट में चार अभ्यर्थी अनफिट घोषित किए गए। इसके लिए अभ्यर्थियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इन अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा पहले ही हो चुकी है। इसके नोडल अधिकारी बने सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश द्विवेदी, एसडीएम सदर जयनाथ सिंह यादव, डीआईओएस, जिला गन्ना अधिकारी, सीओ सदर विजय शंकर मिश्रा और जिला उद्यान अधिकारी की चयन टीम मौजूद रही।