शाहजहांपुर में पुराने जिला अस्पताल में धरना देते डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी। स
शाहजहांपुर। पदनाम परिवर्तन, वरिष्ठता सूची जारी करने समेत कई मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुराने जिला अस्पताल स्थित सीएमओ कार्यालय में धरना दिया। इसके बाद सीएमओ को ज्ञापन दिया। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर 20 को लखनऊ में धरना दिया जाएगा।
शुक्रवार को धरने में जिले के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में कार्यरत फार्मेसिस्ट और चीफ फार्मेसिस्ट शामिल हुए। मंडलीय अध्यक्ष अजय नागर ने कहा कि फार्मासिस्टों का पदनाम बदलकर फार्मेसी अधिकारी और चीफ फार्मेसिस्ट का पदनाम चीफ फार्मेसी अधिकारी किया जाए।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी कई लंबित मांगों को लेकर संगठन लड़ाई लड़ रहा है। जिलाध्यक्ष आशीष भदौरिया ने वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मेसिस्टों की स्थायी वरिष्ठता सूची जारी करने और पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने, ग्रामीण चिकित्सालयों में प्राथमिक उपचार के साथ सीमित औषधियों का नुस्खा लिखने का अधिकार देने और अराजपत्रित पदों पर कार्यरत फार्मेसिस्टों को ग्रेड पे-4600 देने की मांग रखी।
धरने में जिलामंत्री दिवाकर अवस्थी, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुभाष कनौजिया, अजीत सिंह, डॉ. प्रशांत सिंह चौहान, जयपाल सिंह, विजय सिंह, पंकज अग्निहोत्री, अनिल दीक्षित आदि शामिल हुए।