जसवीर पेट्रोल पंप पर पहुंची विधिक माप विभाग की टीम
गर्रा फाटक स्थित जसवीर पेट्रोल पंप पर शनिवार को विधिक माप विज्ञान अधिकारी ने छापा मारकर पेट्रोल मशीन में गड़बड़ी पाए जाने पर सील किए गए पल्सर कार्ड की जांच के लिए सोमवार को एसडीएम सदर रामजी मिश्रा के नेतृत्व में विधिक माप विज्ञान विभाग और भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन के अफसरों की टीम पहुंची। अधिकारियों ने पाया कि पल्सर में कोई खराबी नहीं है, लेकिन अन्य पार्ट्स में स्क्रैच आने से पेट्रोल की माप में अंतर आ रहा है। विस्तृत जांच के लिए बीपीसीएल के अफसरों ने संबंधित कलपुर्जेे अपने कब्जे में ले लिए हैं।
बता दें कि शनिवार को जिला विधिक माप विज्ञान अधिकारी विजय मिश्रा ने शहर समेत जिले के पांच पेट्रोल पंपों पर छापेमारी करके वहां पेट्रोल और डीजल डिलीवरी मशीनों की जांच की थी। इस दौरान जसवीर पेट्रोल पंप की पेट्रोल मशीन से पांच लीटर पेट्रोल लिए जाने पर माप में 100 मिली का अंतर पाया था। घटतोली के संदेह में उन्होंने मशीन का पल्सर कार्ड सीज कर प्रशासन को रिपोर्ट दी और बीपीसीएल के अफसरों को आगे की जांच के लिए बुलाया था।
सोमवार को दोपहर एसडीएम के साथ विधिक माप विज्ञान अधिकारी समेत बीपीसीएल के प्रभारी विक्रय अधिकारी पुनीत दत्त कांडपाल, ड्रेसरमैन टेक्नीशियन सत्येंद्र आदि पेट्रोल पंप पर पहुंचे। पेट्रोल पंप संचालक अमरदीप सिंह की मौजूदगी में मशीन की असेंबली खोली गई। ड्रेसरमैन टेक्नीशियन ने अधिकारियों को बताया कि पल्सर में किसी तरह की चिप फिट नहीं की गई है।
एसडीएम के पेट्रोल माप में बार-बार अंतर आने की वजह पूछे जाने पर बीपीसीएल के अफसरों ने बताया कि असेंबली पर पल्सर चलते रहने से उस पर स्क्रैच आ गए हैं। इन्हीं निशानों की वजह से पेट्रोल की डिलीवरी में कभी बढ़ोत्तरी तो कभी कमी आ रही है। अग्रिम जांच के लिए बीपीसीएल के अधिकारियों ने पल्सर कार्ड, खुली असेंबली के स्क्रैच वाले हिस्से के पार्ट और दो कार्बन रिंग अपने कब्जे में ले लिए हैं। एसडीएम के अनुसार मशीनरी के इन हिस्सों में जांच के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी होने की पुष्टि होने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।