विधिक माप विज्ञान अधिकारी विजय मिश्रा ने अपनी टीम के साथ रविवार को सीतापुर रोड पर जमुही स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर छापा मारकर पेट्रोल की घटतौली पकड़ ली। उन्होंने पेट्रोल मशीन का नोजल सीज करके पंप का चालान कर दिया और कंपनी के अधिकारियों को नियमानुसार जुर्माना अदा करने के निर्देश दिए।
बताते चलें कि बीते सप्ताह माप विज्ञान अधिकारी ने एक उपभोक्ता की शिकायत पर जलालाबाद स्थित रिलायंस डीलर के पेट्रोल पंप पर छापा मारकर वहां के सेल्समैन को मशीन का मीटर शून्य पर लाए बगैर एक हजार रुपये की जगह नौ सौ रुपये का पेट्रोल देते पकड़ा था। माप विज्ञान अधिकारी मिश्रा के अनुसार तभी से उनका ध्यान रिलायंस पेट्रोल पंपों की गड़बड़ी दूर करने पर लगा था।
रविवार को माप विज्ञान अधिकारी अपने साथ विभागीय प्रयोगशाला सहायक रूपेंद्र वर्मा और अन्य कर्मचारियों को लेकर रिलायंस पेट्रो के जमुही स्थित आउटलेट पर पहुंचे। वहां मौजूद मिले सेल्समैन अमित वर्मा से माप विज्ञान अधिकारी ने अपने साथ लेकर गए पांच लीटर के मापक में पेट्रोल भराया, लेकिन उसमें तेल की मात्रा 30 मिली कम निकली। विभागीय मानक के आधार पर पांच लीटर में केवल 15 मिली तेल की कमी अनुमन्य है।
माप विज्ञान अधिकारी मिश्रा के अनुसार प्रति पांच लीटर पर 15 मिली तेल कम देने के आरोप में पंप की पेट्रोल मशीन का नोजल सील करके मौके पर मौजूद मिले कंपनी के ऑडीटर और पंप संचालक अभय सिंह को चालान प्रपत्र देकर कंपनी के अधिकारियों को जुर्माना अदा करने का निर्देश दिया गया है।
पीतल के बजाय टिन के मापक से की गई माप
पेट्रोल पंप पर विभाग की मोहर लगा पीतल का पांच लीटर वाला मापक उपलब्ध होने पर भी माप विज्ञान अधिकारी ने नियम विरुद्ध तरीके से अपने टिन के मापक से माप कराकर पेट्रोल में घटतौली दिखा दी, जबकि उनके किसी भी ग्राहक ने चार माह से चलाए जा रहे पंप पर इस तरह की कभी कोई शिकायत नहीं की। व्यवसायिक स्पर्धा में शामिल कुछ लोगों के इशारे पर माप विज्ञान अधिकारी ने मनमाने तरीके से कार्यवाही की। सोमवार को डीएम से मिलकर इस प्रकरण में शिकायत करूंगा।
-अभय सिंह, रिलायंस पंप संचालक, जमुही