शाहजहांपुर। प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी) शनिवार और रविवार को होगी। दो दिवसीय परीक्षा 21 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। देर शाम को अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया। उनकी सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन व रोडवेज पर हेल्प डेस्क बनाई गई है।
दो दिवसीय परीक्षा में 38 हजार 16 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को दुश्वारियों से बचाने के लिए शहर के अंदर ही परीक्षा सेंटर बनाए गए हैं। इसमें आजमगढ़, आंबेडकर नगर और लखीमपुर से अभ्यर्थी आएंगे। शनिवार शाम से अभ्यर्थियाें के आने का सिलसिला शुरू हो गया।
वहीं दूसरी ओर सेंटरों पर सीटिंग प्लान तैयार शाम तक दुरुस्त कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे, लाइट आदि की व्यवस्था की गई है। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
यहां से जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। निगम के बेड़े से 225 बसों का संचालन होता है। अधिकारियों का दावा है कि बसों की कमी नहीं आएगी। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि मेरठ के लिए 15 और बरेली के लिए अतिरिक्त दस बसों को चलाया जाएगा।
बरेली के लिए आम दिनों में प्रत्येक दस मिनट में बस जाती है। यात्रियों की दिक्कतों के समाधान के लिए शुक्रवार की रात से हेल्प डेस्क भी बस अड्डे पर बनाने की तैयारी है।
रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़
शाहजहांपुर के अभ्यर्थियों की परीक्षा मेरठ और बरेली में होगी। मेरठ जाने वाले अभ्यर्थी शाम को रेलवे स्टेशन पर उमड़ पड़े। सबसे ज्यादा भीड़ रेलवे स्टेशन पर राज्यरानी एक्सप्रेस के आने पर थी। ट्रेन में रिजर्व सीट वालों तक को अपनी सीट नहीं मिल सकी। इसी तरह रोडवेज बस अड्डे पर बसों में सीट के लिए मारा-मारी रही।