जलालाबाद। मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव थाथरमई निवासी महिपाल कुशवाहा (55) की सोमवार शाम राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि दिवाली की रात गांव के ही कुछ युवकों ने पुरानी नाराजगी के चलते उनके साथ मारपीट की थी। उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई थी। आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने महिपाल का डॉक्टरी परीक्षण नही कराया।
मृतक के बेटे कौशलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि वह परिवार सहित नगर के मोहल्ला प्रतापनगर में रहते हैं। दिवाली के चलते पिता समेत घर के अन्य सभी सदस्य अपने पैतृक गांव थाथरमई में गए थे। रात करीब दस बजे पिता महिपाल खाना खाने के बाद बाहर निकल गए। कुछ समय उनका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस कारण वह रंजिश मानते थे।
पिता को देखकर वह गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर वहां उस पक्ष के सात-आठ लोग इकट्ठा हो गए और पिता पर हमला बोल दिया। हमले में उनका सिर फट गया और अन्य जगह भी चोट आईं। आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने उनका चिकित्सीय परीक्षण नही कराया। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि इस मामले में दी गई तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है। डॉक्टरी कराने के बजाय वह लोग घायल को इलाज के लिए लेकर चले गए।