शाहजहांपुर। गर्मी के अवकाश के बाद स्कूल खुलने पर परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों पर शिकंजा कस दिया। जांच के दौरान 19 स्कूली वाहनों के प्रपत्र ठीक नहीं मिलने पर परमिट निलंबित कर दिए गए। अभियान के दौरान छह वाहन सीज करते हुए 42 का चालान किया है।
परिवहन विभाग के आंकड़ों में 412 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। इसमें 18 स्कूली वाहन उम्र पूरी कर चुकने की वजह से कंडम घोषित कर दिए गए। इनका संचालन नहीं हो रहा। तीन स्कूली बसों की फिटनेस नहीं होने के चलते उन्हें खड़ा कर दिया। इनके स्कूल का आपसी विवाद न्यायालय में होने के चलते पेच फंसा है।
जांच के दौरान सामने आया कि 19 वाहनों के स्वामियों ने संचालन ही बंद कर दिया। कुछ के पास पर्याप्त बच्चे नहीं हैं तो कुछ को चालक नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में इनके परमिट को विभाग ने निलंबित कर दिया है। अभियान के दौरान अफसरों को छह वाहन ऐसे मिले, जो स्कूली बच्चों को निजी वाहनों से ठूंसकर भरकर ले जा रहे थे।
मानक पूर्ण नहीं करने पर उन्हें सीज कर दिया गया। एआरटीओ प्रवर्तन सर्वेश सिंह ने बताया कि अभियान का मंगलवार को समापन हो गया। इस बीच 45 वाहनों का चालान किया है। उन्होंने वाहन स्वामियों को प्रपत्र होने पर ही संचालन करने के निर्देश दिए हैं।
-