मदरसा शिक्षकों का कलक्ट्रेट में प्रदर्शन
टीचर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया केे बैनर तले मदरसा शिक्षकों ने इंटर कॉलेजों में परीक्षा केंद्र बनाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उर्दू कक्षाओं की परीक्षा मदरसों में ही कराने के लिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि मदरसों में विगत कई वर्षों से नकल विहीन परीक्षा कराई जा रही है। इसके बावजूद इस बार मदरसों की परीक्षा इंटर कॉलेजों में कराए जाने निर्णय ले लिया गया, जिसका एसोसिएशन विरोध करती है। ज्ञापन के माध्यम से यह भी कहा गया है कि इससे अधिक नकल तो बोर्ड परीक्षा के दौरान इंटर कॉलेज में कराते हैं। फिर उन्हें केंद्र क्यों बनाया जाता है। इंटर कॉलेजों में परीक्षा कराने के निर्णय से सभी मदरसों पर लांछन लगा है। सभी को एक समान नहीं आंका जाना चाहिए। मदरसों में नकलविहीन परीक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं, लेकिन परीक्षा मदरसों में ही कराई जाए। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष हाजी मुहम्मद अयूब, सचिव जावेद अहमद खां, अशफाक हुसैन, इमरान खां, शकीमुद्दीन, हाजी शमीम, अयूब, गफ्फार, सगीर अहमद, कारी सआदत आदि शामिल रहे।