नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर बृहस्पतिवार सुबह जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली। इसके बाद मानव शृंखला बनाकर एकता का संदेश दिया।
शाहजहांपुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर बृहस्पतिवार को परिवहन विभाग की ओर से खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर मानव शृंखला बनाकर यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। इसमें प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों के साथ ही स्कूलों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
विज्ञापन
एसपी राजेश एस. ने यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। लोगों ने शपथ दोहराई कि वह यातायात नियमों का पालन करेंगे। साथ ही दूसरों को भी इसके लिए जागरुक करेंगे। एसपी ने कहा कि वाहन चलते समय यातायात नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है। इससे सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और जान बचाई जा सकती है।
शपथ लेने के बाद सभी लोगों ने मानव शृंखला बनाकर एकता का संदेश दिया। इस मौके पर एडीएम प्रशासन संजय पांडेय, एआरटीओ शांति भूषण पांडेय, डीआईओएस हरिवंश कुमार, बीएसए दिव्या गुप्ता, जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार आदि शामिल रहे। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स भी शामिल हुए।