शाहजहांपुर। कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए सरकार के दिशा निर्देश बेअसर साबित हो रहे हैं। सोमवार को शहर में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सब्जी और गल्ला मंडी में भी हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। सुबह-सुबह ही लोग घरों से निकलकर मंडियों में पहुंच रहे हैं और आपस में दूरी बनाने के निर्देशों का पालन किए बिना ही खरीदारी करने में जुटे रहे।
प्रशासन की ओर से लोगों की जरूरत का सामान घरों तक पहुंचाने का इंतजाम किया है। इसके बाद भी शहर की गल्ला मंडी में सुबह 8:00 बजे तक खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लग गई। इन लोगों में एक दूसरे से सटकर दुकानों से सामान खरीदने की होड़ देखी गई। गल्ला मंडी में खुली सभी दुकानों पर 10 से 12 लोगों को खड़े देखा गया। उचित दूरी बनाए रखने के लिए दुकानों के सामने गोले भी बनाए गए हैं, इसके बाद भी लोग आपस में सटकर खड़े नजर आए। इसके चलते पूर्वाह्न 11:00 बजे तक बाजार में लोगों की भीड़ जमा रही। बाजार में तैनात पुलिसकर्मी लोगों को आपस में दूरी बनाकर खड़े होने की अपील करते रहे लेकिन सब बेअसर नजर आया।
दो महीने का इकट्ठा राशन खरीद रहे लोग
मंगलवार को बहादुरगंज गल्ला मंडी में एक दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे अशोक ने बताया कि वह सुभाषनगर मोहल्ले से आए हैं। आगे के हालातों का अभी तक कुछ पता नहीं है इसलिए एहतियात के तौर पर 2 महीने का सामान इकट्ठा खरीद लिया है जिससे कि आने वाले समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसी तरह से खिरनी बाग मोहल्ले में रहने वाली सीमा अपने बेटे के साथ मंडी पहुंची। उन्होंने भी आटा, दाल, चावल एक साथ खरीदा। प्रशासन की ओर से तय रेट से अधिक में दाल बेचने पर दुकानदार से लड़ती नजर आईं, लेकिन दुकानदार के समझाने पर वह खरीदकर ले गई। बाजार में 70 रुपये से लेकर 110 रुपये किलो में अरहर की दाल बेची जा रही है जबकि प्रशासन ने 80 से 85 रुपये किलो के दाम तय किए हैं।
10 बजे ही से दुकानें बंद कराने लगे पुलिसकर्मी
गल्ला मंडी से सटे मोहम्मद अली मार्केट है, जिसको बड़ी सब्जी मंडी के नाम से भी जाना जाता है। जहां पर सुबह से समय सब्जी की दुकानें लगती हैं। इसके साथ ही परचूनी की दुकानों के सामान की थोक मंडी भी है। यहां भी सुबह के समय खासी भीड़ जमा हो रही है। जिसको कम करने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा सुबह 10:00 बजे से ही दुकानों को बंद कराना शुरू कर दिया गया। जिस पर कुछ दुकानदारों ने आपत्ति भी जताई, लेकिन उनकी एक नहीं चली। दुकानें बंद करा रहे पुलिसकर्मी ने बताया कि एहतियात के तौर दुकानों को बंद कराया जा रहा है, 11 बजे तक पूरा बाजार बंद कराना है।
रोजा मंडी में सब्जी और फल खरीदने पहुंचे लोग
रोजा स्थित मंडी में सब्जी और फलों की आवक लगातार जारी है। इस पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई है। दुकानदार और ठेला चालक यही से खरीदारी कर सप्लाई करने का काम करते हैं। मंगलवार को भी रोजा मंडी में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिनमें फल और सब्जी विक्रेता शामिल थे। इस दौरान उन्हीं लोगों को मंडी में प्रवेश दिया जा रहा है, जिनके पास पास हैं। ऐसा कोराना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सतर्कता के तौर पर किया जा रहा है, लेकिन यहां पर भी लोगों में आपसी दूरी देखने को नहीं मिली, जोकि महामारी फैलने का कारण बन सकती है।