शाहजहांपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर संगम की त्रिवेणी में डुबकी लगाकर पुण्य कमाने को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। प्रमुख स्नान होने के चलते कुंभ में जाने को लेकर लोगों में जबरदस्त जुनून है। सीट पाने को कोई आपातकालीन खिड़की से अंदर घुसा तो कुछ लोग ट्रैक से उतरकर दूसरी ओर खड़े हो गए। बोगी के अंदर पहुंचने पर राहत की सांस लेते हुए हर-हर गंगे का जयकारा लगाया।।
शाहजहांपुर से होकर गुजरने वाली टनकपुर से चलकर सिंगरौली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस और संगम एक्सप्रेस को सबसे ज्यादा मुफीद माना जाता है। इन ट्रेनों में बरेली से ही काफी भीड़ उमड़ रही है। महाकुंभ में शिवरात्रि पर प्रमुख स्नान को देखते हुए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। सोमवार को करीब साढ़े 12 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर काफी भीड़ थी। ट्रेन आने से पहले ही सीट घेरने को लेकर यात्री खड़े हो गए। कुछ लोग ट्रैक से उतरकर दो नंबर प्लेटफार्म पर पहुंच गए, जिससे उतरने वालों का इंतजार करने के बजाय दूसरी ओर से आसानी से प्रवेश किया जा सके। ट्रेन के थमते ही भीड़ बोगी में सवार होने को टूट पड़ी। लगेज कोच, दिव्यांग और महिला कोच में जैसे-तैसे लोग प्रवेश कर गए, लेकिन जनरल कोच में घुसने को लेकर मारा-मारी रही। धक्का-मुक्की करने के बाद बोगी की गैलरी तक पहुंच पाए। जगह मिलने पर दूसरे को चढ़ा लिया। कुंभ को लेकर जुनून इतना कि लोग पायदान पर लटक गए। आपातकालीन खिड़की तक से अंदर प्रवेश किया। भीड़ अधिक होने के चलते कुछ लोग बोगी में सवार नहीं हो सकें।
-
नई बसें प्रयागराज गईं, पुरानी से मार्ग पर दौड़ रहीं
-महाकुंभ में शाहजहांपुर डिपो की 65 बसाें को भेजा गया है। दस बसों को रोज आने-जाने वाले यात्रियों के लिए लगा रखा गया है। नई बसें कुंभ की सेवा में लगने से यहां की व्यवस्था पटरी से उतर गई। सवारियों को पुरानी व अनुबंधित बसों से सफर कराया जा रहा। बीएस-6 बसें नहीं होने से दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा यात्री परेशान हैं। वहां यात्रियों को पहुंचने में जूझना पड़ रहा है। बंडा, बरेली, फर्रुखाबाद, लखीमपुर रूट पर अनुबंधित बसों के जरिये संचालित कर रहे हैं। पलिया, पूरनपुर, जयपुर, पीलीभीत आदि रूटों पर पुरानी बसों को चला रहे हैं। इन बसों की स्थिति काफी ज्यादा खराब है। फिर भी दौड़ाया जा रहा है। डिपो प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रूटों पर बसों को चला रहे हैं। कुंभ मेले से बसें आने के बाद यातायात दुरुस्त हो सकेगा।
-
-प्रयागराज जाने के लिए ट्रेन में सवार होने को आए थे। भीड़ अधिक होने के चलते सवार नहीं हो पाए। अब दूसरी ट्रेन से जाएंगे।
आशुतोष
-कुंभ मेले में जाने को काफी ज्यादा भीड़ उमड़ रही है। ट्रेन पहले से भरकर आ रही है। इस वजह से सीट मिलना मुश्किल है। बोगी में प्रवेश करना तक मुश्किल हो गया है।
अमन
आशुतोष
आशुतोष
आशुतोष