शाहजहांपुर। प्रयागराज जाने वाली संगम एक्सप्रेस में सवार यात्रियों ने स्टेशन पर भीड़ देख बोगी का गेट अंदर से बंद कर लिया। ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे यात्रियों की उनसे नोकझोंक हो गई। हंगामा होने पर आरपीएफ और जीआरपी को बुलाना पड़ गया। इस बीच करीब 30 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही।
महाकुंभ के चलते लखनऊ रूट पर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। 14308 संगम एक्सप्रेस बरेली से चलकर प्रयागराज जाती है। इस वजह से कुंभ जाने वाले यात्रियों के लिए यह मुफीद ट्रेन है। बरेली से ट्रेन फुल होने के चलते दूसरे स्टेशनों पर सवार होना मुश्किल है।
शनिवार को बरेली से चलने के बाद यात्रियों ने अंदर से बोगी बंद कर लिया। यहां लाइन नंबर दो पर ट्रेन आने पर प्लेटफॉर्म पर भारी भीड़ थी। ट्रेन के रुकने पर सवार होने के लिए मुसाफिरों ने बोगी खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से नहीं खोला गया।
इसके चलते काफी देर तक दरवाजा थपथपाया गया। यात्रियों की खिड़की पर जाकर लोगों से दरवाजा खोलने का अनुरोध किया, पर मना कर दिया। हंगामा होने पर आरपीएफ और जीआरपी को बुलाना पड़ गया। सुरक्षा एजेंसी के आने पर कुछ बोगी के दरवाजे खुलवाकर सवार कराया।
बोगी नहीं खुलने से काफी यात्री छूट गए। इस बीच करीब 30 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि बोगी को खुलवाने का प्रयास किया। यात्रियों को सवार कराया गया है।
-