शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षा में बारहवीं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं रविवार से शुरू होंगी। इसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। सीसीटीवी कैमरे व 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
जनपद के 182 केंद्रों पर प्रयोगात्मक परीक्षा होनी है। केंद्रों पर आंतरिक और बाह्न परीक्षकों की ड्यूटी रहेगी। ये छात्र-छात्राओं की मौखिक परीक्षा लेने के साथ चार्ट और फाइल आदि को जमा कराएंगे। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए जीआईसी में कंट्रोल रूम की स्थापना कर दी गई है। इन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। डीआईओएस ने 19 कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई है, जो शाम पांच बजे तक निगरानी करेंगे। प्रत्येक सेंटर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात कर दिए गए हैं।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने बताया कि परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई। लैब भी व्यवस्थित कर दी है। परीक्षक को ऑनलाइन अंक भी भरने होंगे।
कल से होगा आयोजन
-डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज में बारहवीं रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा दस व 11 फरवरी को होगी। प्रधानाचार्य राखी मिश्रा ने बताया कि 12 को भौतिक विज्ञान, 14 को जीव विज्ञान की परीक्षा सुबह नौ बजे से होगी।
-फूल सिंह शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामकुमार यादव ने बताया कि नौ फरवरी को ए ग्रुप, दस को जीव विज्ञान ए व बी ग्रुप, भौतिक विज्ञान ए ग्रुप, भूगोल, गृह विज्ञान, रसायन विज्ञान सी और बी ग्रुप, 13 को रसायन विज्ञान बी ग्रुप, 14 को भौतिक सी ग्रुप की परीक्षा होगी।