शाहजहांपुर। यात्रियों से प्रतिदिन लाखों रुपये का राजस्व कमाने वाले परिवहन निगम के बस अड्डों पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। शहर के बस अड्डे पर पीने के पानी और बैठने के लिए बेंच तक नहीं पड़ी हैं। तहसीलों के बस अड्डों की स्थिति भी काफी खराब है। रविवार को बस अड्डों की पड़ताल की गई तो यह बात सामने आई।
शाहजहांपुर डिपो वर्तमान में 20 से 25 लाख रुपये प्रतिदिन कमाता है। करीब 217 बसों के बेड़े वाले डिपो में सुंदरीकरण का कार्य काफी समय से चल रहा है। 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। कार्यदायी संस्था ने अधिकारियों-कर्मचारियों को बैठने का इंतजाम करा दिया है, लेकिन अफसर यात्री सुविधाओं को बहाल नहीं कर सके हैं।
बस अड्डे पर यात्रियाें के लिए सीटें तक नहीं हैं। पूर्व में पड़ी सीटें भी हटा दी गईं हैं। ऐसे में यात्रियों को खड़े होकर बसाें का इंतजार करना पड़ता है। परिसर में पानी की व्यवस्था भी नहीं है। एक नल लगा है, वह भी आधा जमीन में धंसा है। ऐसे में पानी पीने के लिए लोगों को जेब ढीली करना पड़ती है। यहीं पर लगा पेट्रोल पंप का टिनशेड टूटा है। कोने में लगा खंभा भी गिरताऊ हालत में है। ऐसे में यात्रियों को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ता है।
शौचालय गंदे, बेंच तक नहीं
जलालाबाद। बस अड्डे के नवीनीकरण के चल रहे कार्य के कारण यहां की व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हैं। शौचालय काफी बदहाल और गंदगीयुक्त हैं। परिसर में लगे इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं। ऐसे में नगर पालिका की ओर से लगा वॉटर कूलर भी नाकाफी साबित हो रहा है। बस का इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है। निर्माण कार्य के चलते पुराने भवन में बैठने के लिए पड़ी बेंच हटाकर वहां निर्माण सामग्री रखी जा रही है। काफी समय से बदहाल हालत में पड़े इस बस अड्डे के नवीनीकरण व यात्रियों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने के लिए शासन ने सवा पांच करोड़ की धनराशि मंजूर की है। इससे कार्य शुरू हो चुका है। संवाद
बसें नहीं आतीं, बदहाल पड़ा स्टैंड
तिलहर। मौजमपुर रोडवेज बस स्टैंड हाईवे से अंदर होने के कारण कई वर्ष से बसें नहीं आती हैं। इसके चलते स्टैंड अब छुट्टा पशुओं, प्राइवेट वाहनों और जुआरियों का अड्डा बन गया है। मुख्यद्वार पर फल के ठेले सजे रहते हैं, जबकि परिसर में गंदगी के ढेर और अव्यवस्थाओं के कारण यात्रियों को असुविधा होती है। रोडवेज बस से सफर करने वाले यात्रियों को बस स्टैंड से पूर्वी भक्सी तिराहा और बाइपास चौराहे तक ई-रिक्शे से सफर करना पड़ता है। वहां से ही बस मिलती है। संवाद
रोडवेज बस अड्डे के सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है। जल्द ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करा दिया जाएगा। जलालाबाद में भी कार्य कराया जा रहा है।
- अरुण कुमार, एआरएम, परिवहन निगम
शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डा पर बस की इंतजार में खड़ी सवारियां। संवाद- फोटो : mathura
शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डा पर बस की इंतजार में खड़ी सवारियां। संवाद- फोटो : mathura
शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डा पर बस की इंतजार में खड़ी सवारियां। संवाद- फोटो : mathura
शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डा पर बस की इंतजार में खड़ी सवारियां। संवाद- फोटो : mathura
शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डा पर बस की इंतजार में खड़ी सवारियां। संवाद- फोटो : mathura