शाहजहांपुर। नए साल के जश्न पर एक बार फिर से कोरोना का ग्रहण लग गया है। नाइट कर्फ्यू की वजह से होटलों और रेस्टोरेंट में 31 दिसंबर की देर रात कार्यक्रम नहीं होंगे। इसके निर्देश प्रशासन की ओर से जारी किए हैं। वहीं, इससे होटल व रेस्टोरेंट कारोबारी निराश है, उन्हें लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
नए साल का जश्न 31 दिसंबर की रात में होता है, लेकिन इस बार नाइट कर्फ्यू के चलते नए साल के स्वागत का जश्न फीका रहने वाला है। नए साल के स्वागत में होटलों और रेस्टोरेंट में रात को होने वाली पार्टियां इस बार नहीं होंगी। शासन की ओर जारी आदेश की कॉपी सभी होटल व रेस्टोरेंट कारोबारियों को पकड़ा दी गई है और उसका शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि प्रदेश में अभी कोरोना के नए वैरिएंट का कोई मामला मिला नहीं है, पर इसकी आहट के चलते प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इसमें रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक घर से बाहर निकलने पर भी पाबंदी है। शासन की ओर से कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन कराने के निर्देश भी दिए है। साथ ही ट्रैवल एजेंसियों के पास अभी नाममात्र की बुकिंग है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि नए साल पर घूमने-फिरने के लिए जाने वाले 30 दिसंबर को ही बुकिंग कराते हैं, लेकिन इस बार कोरोना के नए वेरिएंट की आहट से बुकिंग कम होने की संभावना है।
होटल कारोबारियों की बात
प्रशासन के साथ होटल व रेस्टोरेंट कारोबारियों की मीटिंग में 31 दिसंबर की रात 11 बजे के बाद कोई भी कार्यक्रम नहीं रखने के निर्देश दिए हैं। इसका पालन करते हुए छह कार्यक्रमों की बुकिंग को निरस्त कर दी है। 31 की रात होटल में कोई कार्यक्रम नहीं होगा। कोरोना संक्रमण एक बार फिर से फैलने की आशंका के चलते नाइट कर्फ्यू लगने के कारण कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा। - जगतार सिंह, होटल मैनेजर
नए साल के स्वागत में 31 दिसंबर की रात को पार्टियां होती थीं। लेकिन इस बार नाइट कर्फ्यू ही लगा दिया है, ऐसे में पार्टियां संभव नहीं है। प्रशासन ने कार्यक्रम नहीं करने के निर्देश दिए हैं। इसका अनुपालन होगा। 31 की रात के लिए जो बुकिंग थीं उन्हें कैंसिल कर दिया है। आर्थिक नुकसान होगा, पर लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। एक जनवरी को सुबह से रेस्टोरेंट खुलेगा। - रवि, रेस्टोरेंट व पैलेस मैनेजर
नववर्ष पर लोग पहाड़ी इलाकों और धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए गाड़ियों की बुकिंग ज्यादातर 30 दिसंबर को ही कराते हैं। अभी सिर्फ दो-तीन बुकिंग हैं। आगामी दिनों में ये बुकिंग बढ़ सकती हैं। कोरोना के नए स्वरूप के आने का भय भी लोगों में हैं, ऐसे में लोग दूसरे राज्यों में जाने से संकोच भी करेंगे। अधिकांश बुकिंग नैनीताल, चूका, मंसूरी, आगरा, मथुरा, वृंदावन के लिए कराई जाती हैं। - जितेंद्र कुमार, ट्रैवल एजेंसी संचालक
लोगों की बात
नया साल मनाने के लिए परिजन के साथ किसी धार्मिक स्थल पर जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित होने जाने का डर सताने लगा है। इसलिए सबने घर में रहकर ही नए साल का स्वागत करने का निर्णय लिया है। - हर्षित कुमार
दोस्तों के साथ नैनीताल जाने का प्लान था। अब जब कोरोना फिर से अपना असर दिखाने लगा है और संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं तब अपने घर व जिले से बाहर जाना ठीक नहीं लग रहा। नए साल का इस्तकबाल परिवार के साथ घर पर रहकर करेंगे। - नाजिर खां