खुटार के गांव चांदपुर के पास खेत में मौजूद तेंदुआ। स्रोत : वीडियो ग्रैब
खुटार। गांव चांदपुर में स्थित गोशाला के पास एक बार फिर तेंदुआ देखे जाने की सूचना से गांव में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी से खेतों में काम करते समय जान का खतरा है, लेकिन वनकर्मी खानापूरी कर रहे हैं।
गांव चांदपुर के पश्चिम में स्थित नीरज अवस्थी के खेत में तेंदुए ने कुछ दिन पूर्व नीलगाय को मार डाला था। सूचना के बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन लोगों को सतर्क रहने की बात कहकर खिसक लिए थे। गांव के अली मोहम्मद, राजेंद्र, भइया और मोनू ने बताया कि बुधवार को गोशाला के पास गन्ने के पास तेंदुआ देखा गया। गांव के लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत में चला गया। इस दौरान लोगों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
गांव के लोगों की सूचना पर वन दरोगा रोहित पांडे, विकास आदि मौके पर पहुंचे और लोगों से तेंदुआ देखे गए स्थान की जानकारी लेने के बाद गन्ने के खेत में कांबिंग की। गन्ने के खेत में पराली होने के कारण पैरों के निशान ट्रेस नहीं किए जा सके। गांव के लोगों ने वनकर्मियों से तेंदुए की लोकेशन का पता लगवाकर जंगल की ओर खदेड़े जाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि वनकर्मियों की लापरवाही के चलते किसानों, श्रमिकों और गांव के लोगों को तेंदुए से खतरा है। वन दरोगा रोहित पांडे ने बताया कि तेंदुआ देखे जाने की जानकारी मिली है। तेंदुआ गोशाला के पास गन्ने के खेत में हो सकता है। वन विभाग की टीम लगातार कांबिंग करने में जुटी है, बहुत जल्द तेंदुए को खदेड़ कर जंगल में ले जाया जाएगा।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को चांदपुर गांव भेजा गया है। वनकर्मी कांबिंग करने में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों को खेतों की ओर जाने पर सचेत रहने की सलाह दी गई है।
-मनोज श्रीवास्तव, रेंजर खुटार