मिर्जापुर ब्लॉक में बीडीसी सदस्यों को सम्बोधित करते सांसद अरुण सागर । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। मिर्जापुर ब्लॉक में आयोजित बीडीसी की बैठक में सांसद अरुण सागर, विधायक हरिप्रकाश वर्मा और नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने विकास की प्रथम इकाई ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत को सरकारी योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाने के प्रति सजग रहने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी की अध्यक्षता में हुई बीडीसी की बैठक में सांसद कहा कि जिले में 350 करोड़ की लागत से सड़कों का जाल बिछाया गया है। फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर के लिए रेल लाइन के लिए भी प्रयासरत हैं। विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास का मुख्य माध्यम विकास खंड ही है। ब्लॉक प्रमुख, प्रधान और बीडीसी सदस्य अपने गांवों की हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करवाएं। मिर्जापुर ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि कौशलेंद्र सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पुष्टाहार वितरण न होने की शिकायत की।
इस पर विधायक ने बीडीओ को निरीक्षण के निर्देश दिए। एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्ता करके जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में श्मशान स्थल बनवाने की मांग की है। एमएलसी ने बैठक में प्राप्त मानदेय ग्राम संगाहा के दिव्यांग बीडीसी सदस्य रामवीर को भेंट कर दिया। बैठक में सीएचसी जरीनपुर के डॉ. प्रदीप कुमार, पशु चिकित्सक सहदीप कुमार, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर, डायरेक्टर वीरभान सिंह, संजय सिंह, भाजपा जिला महामंत्री रमाकांत मिश्र, अनिल गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य ओमपाल सिंह कुशवाहा, रवीशपाल सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आयुष प्रताप सिंह विभु, कृष्ण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। बीडीओ रामकिशोर सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।