शाहजहांपुर। विद्युत निगम (पारेषण खंड) के पुवायां मार्ग पर गांव पैना स्थित 220 केवी क्षमता के बिजली उपकेंद्र को सिंधौली क्षेत्र में स्थापित 10 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र में बनने वाली बिजली जल्द मिलने लगेगी। इसके लिए रविवार को सुबह सोलर प्लांट की 33 केवी लाइन को 220 केवी उपकेंद्र से जोडने का काम कराया गया।
इस दौरान करीब दो घंटे तक सिंधौली टाउन समेत शहर के कई फीडरों की 33 केेवी हाईटेंशन लाइनों को शटडाउन लेकर बंद रखा गया। सिंधौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत नथुआपुर के राजस्व गाम भुसौरी में करीब छह माह से निर्माणाधीन सौर ऊर्जा संयंत्र में निर्माण कार्य के दूसरे चरण में करीब दो माह से मशीनरी और अन्य उपकरण स्थापित करने का काम चल रहा था।
इस दौरान भुसौरी से पैना बिजली उपकेंद्र तक 33 केवी लाइन बनाकर तैयार कर ली गई। इस लाइन का परीक्षण कराने के बाद उसका पैना उपकेंद्र से कनेक्शन करने के लिए पारेषण खंड के अधिशासी अभियंता आरके उपाध्याय ने सिंधौली टाउन समेत शहर के जमौर, अटसलिया, रोजा, निगोही रोड गदियाना, हथौड़ा, बंका घाट और दीवान जोगराज के फीडर सुबह 8.30 बजे से शटडाउन देकर बंद करा दिए।
चूंकि, हाईटेंशन लाइन को विद्युत निगम उपकेंद्र के सर्किट (परिपथ) से जोड़ने में करीब दो घंटे लग गए। इसलिए सिंधौली कस्बे और आसपास के करीब दो दर्जन गांवों समेत शहर में संबंधित फीडरों से जुड़े इलाकों में दिन में 11 बजे के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। इस दौरान रोजा की दोनों रेलवे कॉलोनियों समेत प्रेमनगर कॉलोनी, आदर्शनगर कॉलोनी, अटसलिया क्रॉसिंग के आसपास के क्षेत्रों, हथौड़ा, गन्ना शोध परिषद की आवासीय कॉलोनी, लोधीपुर, ऐमनजई जलालनगर, स्टेशन रोड, अंटा चौराहा, हयातपुरा, दीवान जोगराज, सरायकाइयां, मिश्रीपुर आदि क्षेत्रों में बत्ती गुल रही। एक्सईएन (ट्रांसमिशन) उपाध्याय के अनुसार सौर ऊर्जा संयंत्र की लाइन का कनेक्शन 220 केवी उपकेंद्र से होने के बाद एक-दो दिन में सोलर बिजली मिलने लगेगी, लेकिन उसे सीधे उत्तरी पॉवर ग्रिड पर भेजा जाएगा।