शाहजहांपुर। शिक्षा से मुंह मोड़ने वाले आउट ऑफ स्कूल बच्चों को दोबारा से पढ़ाने के लिए स्कूलों में प्रवेश कराया गया है। इन बच्चों को टीएलएम की सामग्री खरीदने के लिए शासन से बजट जारी किया है। स्कूलों में प्रत्येक बच्चे के लिए 838 रुपये की धनराशि भेजी गई है।
सत्र शुरू होने के बाद शिक्षकों को आउट ऑफ स्कूल बच्चों को तलाशने के लिए लगाया गया था। जिले में 935 बच्चों को तलाश कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया। उनकी कक्षाएं भी स्कूल में लगने लगीं। उनकी शिक्षा में कोई रुकावट नहीं आए, इसके लिए शासन ने प्रत्येक बच्चे के लिए 838 रुपये की धनराशि भेजी है।
जिले के 365 स्कूलों में पढ़ने वाले 935 बच्चों के लिए धनराशि जारी की गई है। इसके तहत टीएलएम की सामग्री के अलावा पेंसिल, रबड़, पेन, छोटी कॉपी आदि खरीदी जाएंगी। बीएसए दिव्या गुप्ता ने बताया कि परिषद के निर्देश के अनुसार धनराशि को स्कूलों में भेजा गया है।
प्रबंध समिति की बैठक के लिए भेजी धनराशि
परिषदीय स्कूलों में प्रबंध समिति की बैठक का आयोजन होना है। स्कूलों में बैठक के लिए शासन से बजट आया है। इसमें 1100 रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से प्रबंध समिति को भेजे गए हैं।