जलालाबाद रोड पर बृहस्पतिवार तड़के गांव अकर्रारसूलपुर के पास डीसीएम और ट्रक की भिड़ंत हो गई। इस घटना में डीसीएम चालक अमरोहा के थाना सैदनगली के गांव ढका निवासी 22 वर्षीय मोहसिन अली की मौत हो गई, जबकि उसके गांव ही हेल्पर 33 मोहम्मद आशिफ और ट्रक का चालक अल्हागंज निवासी 40 वर्षीय अजय शुक्ला घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां से मोहम्मद आशिफ को रेफर कर दिया गया।
अमरोहा के थाना सैदनगली के गांव ढका निवासी मोहसिन अली डीसीएम में आम भरकर जलालाबाद की ओर से शाहजहांपुर की ओर आ रहा था। बृहस्पतिवार तड़के करीब पांच बजे डीसीएम अकर्रा रसूलपुर गांव के पास बीएस पब्लिक स्कूल के सामने पहुंची, तभी तिलहर से खाद उतारकर खाली ट्रक लेकर अल्हागंज निवासी 40 वर्षीय अजय शुक्ला पहुंच गया। पब्लिक स्कूल के सामने दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोहसिन अली मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके साथ उसके गांव का ही हेल्पर मोहम्मद आशिफ (रिश्ते का भाई )घायल हो गया। ट्रक चालक अजय शुक्ला भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर से गुजरे लोगों में से कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम और ट्रक में फंसे लोगों को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मोहसिन को मृत घोषित कर शव मोरचरी में रखवा दिया और आशिफ व अजय शुक्ला का इलाज शुरू किया गया। दोपहर बाद अमरोहा जिले से मृतक मोहसिन के भाई मुंतजिर परिवार के लोगों के शाहजहांपुर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। मृतक के पिता राहत अली की मौत हो चुकी है। बूढ़ी मां नसीमा को बेटे की मौत की खबर नहीं दी गई है। मृतक पांच भाई व चार बहनों में तीसरे नंबर का था। दो भाई और दो बहनों की शादी हो चुकी है।