एसएस लॉ कॉलेज की अपहृत छात्रा को लेकर पूर्व गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद व अन्य के खिलाफ अपहरण व धमकाने की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। छात्रा की बरामदगी को लगीं टीमों में से दो टीमों ने दिल्ली के द्वारका के गोल्डन पैलेस होटल से छात्रा के फुटेज खंगाले हैं। हालांकि छात्रा के परिजन बेटी की फुटेज होने से इंकार कर रहे हैं।
24 अगस्त को छात्रा ने फेसबुक पर शाम चार बजे वीडियो वायरल करने के बाद छात्रा ने अपने मां के मोबाइल पर 7352467048 से कॉल की थी, उसने मां को बताया कि उसके मोबाइल की बैटरी डाउन है और रिचार्ज भी नहीं है। छात्रा के पिता ने बताया कि अपनी मां से बात करते समय उसकी आवाज से लग रहा था कि वह घबराई हुई है, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि वह है कहां पर। इसके बाद पलटकर उसी नंबर पर मां ने कॉल की तो उसे एक युवक ने रिसीब किया और बताया कि वह दिल्ली के महिलपालपुर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट तीन नंबर लाल बत्ती प्वाइंट पर है और उससे एक लड़की ने फोन लेकर बात की थी, लेकिन जिस जगह पर उसने बात की थी, वहां से वह चला आया है। बस इसी क्लू के आधार पर पुलिस ने छात्रा की तलाश के लिए दो टीमें दिल्ली भेज दीं। जहां मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने द्वारका के गोल्डन पैलेस में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक छात्रा होटल में एक लड़के के साथ मौजूद थी। छात्रा और उस युवक की आईडी से रूम बुक किया गया था। हालांकि छात्रा के पिता का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज धुंधली है और उसमें बेटी का चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। आधार कार्ड की फोटो कॉपी में भी चेहरा काला नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि जब तब टीम होटल पहुंची, तब छात्रा व युवक होटल से जा चुका था।
छात्रा के परिचितों के नंबर सर्विलांस पर लगाए गए
छात्रा की तलाश में लगीं टीमें छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए छात्रा के संपर्क के लोगों के मोबाइल कॉल पर नजर रखी जा रही है। छात्रा और संदिग्ध युवक जिसके साथ छात्रा बताई जा रही है। उसका मोबाइल नंबर व मिलने-जुलने वालों के नंबर सर्विलांस पर लगा रखे हैं। कुछ मोबाइल मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण पुलिस फूंक फूंक कर कदम आगे बढ़ा रही है।
तिलहर से युवक को पुलिस ने उठाया, पूछताछ जारी
छात्रा के अपहरण और स्वामी चिन्मयानंद के अधिवक्ता ओम सिंह की ओर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की दर्ज कराई गई रिपोर्ट को पुलिस एक ही पहलू से जोड़कर देख रही है और इसी के चलते पुलिस टीम ने मंगलवार रात तिलहर में छापामारी कर रंगदारी से जुड़े मामले में एक युवक को उठा लिया। वहीं एक युवक पहले से हिरासत में है उससे भी पूछताछ चल रही है, लेकिन अभी क्या सुराग मिला इस पर पुलिस चुप्पी साधे है।
पुलिस जांच पर भरोसा, षडयंत्रकारी जल्द होंगे बेनकाब
मुमुक्षु आश्रम के अधिवक्ता ओम सिंह ने कहा कि स्वामी चिन्मयानंद से मांगी गई फिरौती का मैसेज जिस मोबाइल नंबर से आया था, उसे ट्रेस कर लिया गया है। वह मोबाइल जिस युवक का है, छात्रा भी उसी युवक के साथ है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच एजेंसी पर भरोसा है और जल्द ही षडयंत्रकारी सामने आएंगे।
स्वामी चिन्मयानंद के हवाले से अधिवक्ता ने अमर उजाला को बताया कि छात्रा का अपहरण नहीं किया गया बल्कि षडयंत्र के तहत स्वामी पर आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोबाइल की ईएमआई से ट्रेस किए गए युवक के साथ छात्रा दिल्ली में है, लेकिन पुलिस टीम के हाथ दोनों लोग नहीं लगे। उन्होंने दावा किया कि जिस होटल में दोनों लोग रुके थे, उसमें छात्रा की आईडी लगाई गई। इतना सबकुछ जांच में सही पाए जाने पर स्वामी पर अपहरण का आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में सबको न्याय मिलने के तहत रिपोर्ट तो दर्ज की गई, लेकिन घटनाक्रम के खुलासे के बाद सारी चीजें साफ हो जाएंगी। ब्यूरो