रोजा में जमुका दोराहा के पास मंगलवार सुबह दो वाहनों में सवार लोगों में से 17 लोगों की जान लेने वाले ट्रक चालक को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बरेली के बिसारतगंज निवासी त्रिलोक सिंह ट्रक में पान मसाला भरकर सोनीपत से बिहार जा रहा था। चालक ने रोजा से आगे निकलने के बाद गुर्री के पास पहुंचकर ट्रांसपोर्ट के मुंशी को मोबाइल पर कॉल की तो मुंशी ने बताया कि जिस रोड से जा रहे हो, वह रोड खराब है। इसलिए हरदोई-शाहाबाद वाली रोड से निकलो। इसके बाद चालक ने ट्रक बैक किया और गुर्री के आसपास शराब पीकर हरदोई-शाहाबाद वाले रोड पर पहुंचने के लिए शाहजहांपुर की ओर चल दिया। जमुका दोराहा के पास टेंपो को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर ट्रक मैजिक पर पलट गया। इस हादसे में 17 लोगों की जान चली गई। पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद चालक को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें अल्कोहल की पुष्टि हुई। बुधवार सुबह चालक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
चाचा-भतीजे का शव देख हर किसी की भर आईं आंखें
सेहरामऊ दक्षिणी/ ददरौल। रोजा में जमुका दोराहा पर हुए हादसे में मरे चंदगोई के चाचा-भतीजे का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो हर किसी की आंखें भर आईं। परिवार के लोगों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
चंदगोई निवासी बलराम अपने चाचा रामकिशोर के साथ अपने समधी सरौरा निवासी बुद्धा लाल को भैंस खरीदवाने लखीमपुर खीरी के थाना मैंगलगंज के गांव पकड़िया जा रहे थे। तीनों लोग मैजिक पर सवार थे। काल बनकर सामने से आए ट्रक ने तीनों के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले 17 लोगों की जान ले ली। चाचा-भतीजे की चिता पास-पास बनाई गई। जैसे ही बलराम के पिता रामभरोसे ने मुखाग्नि दी तो गांव के लोगों की आंखें भर आईं। वहीं गांव पहुंचे लेखपाल ने मृतकों के परिजनों का आर्थिक लाभ दिलाने के लिए प्रपत्र भरवाए। तिलहर क्षेत्र के गांव रटी निवासी विनोद की मौत पर परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए एसडीएम मोईन-उल-इस्लाम ने विभिन्न योजनाओं के प्रपत्र भरवाए।
सिटी मजिस्ट्रेट ने जाना घायलों का हाल
शाहजहांपुर। सिटी मजिस्ट्रेट वनिता सिंह ने बुधवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों अनीस, विशाल, उत्तम का हाल जाना, साथ ही उन्होंने अस्पताल स्टाफ से घायलों का बेहतर इलाज करने को कहा। हालांकि घायलों की हालत में पहले की अपेक्षा सुधार बताया गया है।
मृतको में 16 वें की भी हुई शिनाख्त, 17 वां अज्ञात
रोजा में जमुका दोराहा के पास मंगलवार को हुए हादसे में मरे 17 लोगों में से 16 वें की भी शिनाख्त तिलहर क्षेत्र के गांव भूड़ा गौटिया निवासी 50 वर्षीय पातीरात के रूप में हुई। वहीं बुधवार देर रात तक 17 वेें की शिनाख्त नहीं हो पाई।