किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर अन्नदाता भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस परिसर में पंचायत कर वहीं पर धरना दिया। बाद मेें उनका शिष्टमंडल अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अक्षत वर्मा से मिला और उन्हें डीएम के नाम ज्ञापन दिया।
यूनियन के जिला अध्यक्ष रामनहोरे प्रजापति ने पंचायत की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला मुख्यालय पर किसानों के बैठने के लिए किसान भवन अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तमाम गांवों में कोटेदार राशन वितरण में मनमानी कर किसानों को परेशान कर रहे हैं और इस स्थिति में सुधार नहीं होने पर यूनियन कार्यकर्ता आंदोलन को तैयार रहें। ज्ञापन में इन दोनों मांगों समेत वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन के सभी पात्रों को पेंशन दिए जाने, निगोही क्षेत्र के अहिरबाड़ा गांव में शारदा नहर की सफाई कराने, बंडा ब्लॉक के भगवंतापुर गांव में तालाबों से अवैध कब्जे हटाए जाने आदि मांगें शामिल हैं। पंचायत और धरना में मुनेंद्र पाल शर्मा, विमलेश कुमार, राजेश्वरी यादव, सुधा कश्यप, करुणा देवी, नत्थू लाल, सुरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।